मुजफ्फरनगर की चीनी मिलें पहली बार हापुड़ और सहारनपुर से खरीदेंगी गन्ना, कुल रकबा हुआ 2.08 लाख हेक्टेयर
मुजफ्फरनगर की चीनी मिलें पहली बार हापुड़ और सहारनपुर जिलों से गन्ना खरीदेंगी, जिससे उनका कुल गन्ना रकबा बढ़कर 2.08 लाख हेक्टेयर हो गया है।

HighLights
मुजफ्फरनगर की मिलें पहली बार हापुड़-सहारनपुर से गन्ना खरीदेंगी।
गन्ना रकबा बढ़कर 2.08 लाख हेक्टेयर हुआ, उत्पादन बढ़ेगा।
चीनी उत्पादन लक्ष्य हेतु नए खरीद केंद्र स्थापित।
संजीव तोमर, मुजफ्फरनगर। गन्ना पेराई सत्र शुरू हो गया है। इस बार गन्ने को लेकर चीनी मिल अभी चिंतित हैं। दूसरे जिलों के गन्ने पर भी नजर हैं। पहली बार हापुड़ जनपद की सिंभावली चीनी मिल और सहारनपुर जनपद की गागलहेड़ी चीनी मिल क्षेत्र में जनपद की शुगर मिलों को सेंटर मिले हैं। जिसके चलते मिलों का गन्ना रकबा बढ़ गया है। वर्तमान में जनपद का कुल गन्ना रकबा 1.75 लाख हेक्टेयर है, जबकि शुगर मिलों का गन्ना रकबा 2.08 लाख हेक्टेयर हो गया है।
जनपद में आठ चीनी मिल हैं, जिनमें से छह में गन्ना पेराई सत्र शुरू हो गया है। इस बार चीनी मिलाें को 1,880 लाख कुंतल चीनी उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है। जो पिछले साल से अधिक है। हालांकि, पिछले साल से एक हजार हेक्टेयर गन्ना रकबा कम है।
इस बार जनपद में गन्ना रकबा 1.75 लाख हेक्टेयर है। चीनी उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने के लिए जिले की मिलों को मेरठ, बागपत, शामली, हापुड़ और सहारनपुर से भी गन्ना खरीदने की अनुमति मिली है। इनमें से हापुड़ और सहारनपुर जनपद से पहली बार गन्ना खरीदा जाएगा।
जिला गन्ना अधिकारी संजय सिंह सिसौदिया ने बताया कि चीनी मिलों को गन्ना क्षेत्र आवंटन हो गया है। पहली बार हापुड़ की सिंभावली और सहारनपुर की गागलहेड़ी चीनी मिल क्षेत्र में जनपद की शुगर मिलों के सेंटर बने हैं। इससे गन्ना आपूर्ति बढ़ेगी, जिससे चीनी का अधिक उत्पादन होगा।
दूसरे जिलों से सात चीनी मिल खरीदेंगी गन्ना
खतौली चीनी मिल जनपद के अलावा मेरठ, बागपत और शामली जिले से गन्ना खरीदेगी। तितावी मिल अपने क्षेत्र के अलावा बागपत और शामली से गन्ना खरीदेगी। भैसाना चीनी मिल को बागपत, मेरठ और शामली से भी गन्ना आपूर्ति होगी।
मंसूरपुर मिल को बागपत से भी गन्ना मिलेगा। टिकौला शुगर मिल को मेरठ और हापुड़ से भी गन्ना मिलेगा। हापुड़ में 16 सेंटरों के माध्यम से टिकौला शुगर मिल को गन्ना मिलेगा।
खाईखेड़ी मिल को पहली बार सहारनपुर की दया शुगर मिल प्राइवेट लि. गागलहेड़ी क्षेत्र में तीन सेंटरों के माध्यम से गन्ना मिलेगा। रोहाना को गागलहेड़ी मिल क्षेत्र में पांच सेंटरों के माध्यम से गन्ना मिलेगा। केवल सहकारी शुगर मिल मोरना अपने क्षेत्र के गन्ने पर निर्भर रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।