विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गन्ना लदे ट्रक में उतरा हाईटेंशन तार का करंट, बगल से गुजरी बाइक तो चपेट में आए युवक की मौत

Published: Sun, 08 Nov 2026 10:04 PM (IST)

मेरठ के सरधना में बपारसी-पांचली मार्ग पर गन्ने से भरे ट्रक में हाईटेंशन तार का करंट उतरने से बाइक सवार दो युवक उसकी चपेट में आ गए।

News Article Hero Image

HighLights

  1. गन्ने से भरे ट्रक में हाईटेंशन तार का करंट उतरा।

  2. बाइक सवार दो युवक करंट की चपेट में आकर झुलसे।

  3. एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल अस्पताल में।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के बपारसी-पांचली संपर्क मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गन्ने से भरे ट्रक में सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का करंट उतर आया। इसी दौरान ट्रक के बराबर से गुजर रहे बाइक सवार दो युवक करंट की चपेट में आ गए।

हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर अग्रिम कार्यवाही में जुटी थी।

यह है पूरी घटना

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर पांचली बुजुर्ग गांव में स्थित दौराला शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र से एक ट्रक गन्ना लेकर मिल की ओर जा रहा था। ट्रक जैसे ही मेरठ-करनाल हाईवे के निकट बपारसी-पांचली संपर्क मार्ग पर पहुंचा, सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से ट्रक में लदे गन्ने टकरा गए। बताया गया कि लाइन के तार नीचे लटके हुए थे। गन्ने के तारों के संपर्क में आते ही ट्रक में करंट दौड़ गया।

अचानक ट्रक में करंट उतरने से चालक घबरा गया। उसने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। इसी बीच सामने से बाइक पर सवार होकर आ रहे फरदीन (22) पुत्र खालिद निवासी हर्रा अपने साथी मुजीब के साथ वहां पहुंच गए। दोनों युवक बुढ़ाना स्थित अपनी बहन की ससुराल से घर लौट रहे थे।

बताया गया कि जैसे ही दोनों ट्रक के बराबर से निकलने लगे, तभी फरदीन का हाथ अचानक ट्रक की बॉडी से छू गया। ट्रक में पहले से करंट दौड़ रहा था। ऐसे में दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए और झटका लगने से बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने किसी तरह विद्युत आपूर्ति बंद कराई और दोनों युवकों को ट्रक से अलग किया। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फरदीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुजीब की हालत गंभीर बनी हुई है।

ढीले तारों को लेकर पहले भी की गई थी शिकायत

हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में ऊर्जा निगम के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि संपर्क मार्ग पर हाईटेंशन लाइन के तार काफी समय से नीचे लटके हुए हैं। इस संबंध में कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत भी की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत लाइन को दुरुस्त कर दिया जाता और तारों की ऊंचाई मानकों के अनुरूप रखी जाती तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता।

परिवार में मचा कोहराम

22 वर्षीय फरदीन की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक खुशियां थीं, वहां मातम पसर गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मुजीब के स्वजन भी उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। सूचना मिलने पर सरूरपुर ओर सरधना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर अग्रिम कार्यवाही में जुटी है।

यह भी पढ़ें- मेरठ के हुनर से संवरी राम की पैड़ी! सरयू की लहरों में झिलमिलाते दीप बयां करते हैं मेरठियों के श्रम की कहानी

यह भी पढ़ें- कुख्यात उधम सिंह की X पोस्ट से हलचल, शुगर मिल के GM को बताया बड़ा भाई; SSP और ADG को दीं दीपावली की शुभकामनाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।