कुख्यात उधम सिंह की X पोस्ट से हलचल, शुगर मिल के GM को बताया बड़ा भाई; SSP और ADG को दीं दीपावली की शुभकामनाएं
Meerut News: मेरठ पुलिस को जांच में पता चला है कि सात अक्टूबर को कुख्यात माफिया उधम सिंह किनौनी शुगर ...और पढ़ें

उधम सिंह का फाइल फोटो।
HighLights
किनौनी शुगर मिल के जीएम से मुलाकात को बताया भावनात्मक, बिल्डर की ओर से दर्ज मुकदमे को लेकर अदालत जाने की कही बात
जीएम के केबिन तक पहुंचने के प्रमाण मिलने के बावजूद मुकदमा दर्ज न कराने पर पुलिस कर रही भूमिका की जांच
जागरण संवाददाता, मेरठ। कुख्यात उधम सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट कर किनौनी शुगर मिल के जीएम केपी सिंह तेवतिया को अपना बड़ा भाई बताया है।
सात अक्टूबर को मिल में जीएम से हुई मुलाकात को भावनात्मक बताते हुए उसने दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। इतना ही नहीं, एसएसपी और एडीजी को भी शुभकामना संदेश भेजा है। दूसरी ओर, रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने वाले बिल्डर अंकुर शर्मा को लेकर भी पोस्ट में टिप्पणी की है।
उधम सिंह ने मुकदमे के खिलाफ अदालत जाने की बात कही है। उसकी इस पोस्ट के बाद किनौनी मिल में हुई मुलाकात और जीएम की भूमिका को लेकर पुलिस जांच पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
दरअसल, पुलिस जांच में सामने आया है कि सात अक्टूबर को उधम सिंह किनौनी शुगर मिल पहुंचा था और जीएम केपी सिंह तेवतिया के केबिन में काफी देर तक रुका था। उसकी मुलाकात के प्रमाण और वीडियो पुलिस के पास हैं। इसके बावजूद जीएम ने उधम सिंह के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
पूछताछ में उन्होंने उधम सिंह से दहशत होने की बात कही थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर उधम सिंह मिल तक कैसे पहुंचा और जीएम के साथ उसकी मुलाकात का मकसद क्या था। पुलिस को जीएम की भूमिका भी संदेह के दायरे में नजर आ रही है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर जीएम को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
बिल्डर से मांगी थी 50 लाख की रंगदारी
पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी रियल एस्टेट कंपनी एसआर डेवलपर्स के पार्टनर अंकुर शर्मा ने आरोप लगाया है कि उधम सिंह के शूटर इनामउल्लाह ने उनके निर्माण कार्य में बाधा डालकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोप है कि इनामउल्लाह ने खुद को उधम सिंह का शूटर बताते हुए रकम नहीं देने पर निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी दी थी।
अंकुर के मुताबिक, सात सितंबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे वह आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जा रहे थे। इसी दौरान दो गाड़ियों से उनका पीछा किया गया और फायरिंग की गई। हैरियर में बैठे तीन लोगों में से एक को उन्होंने उधम सिंह बताया। आरोप है कि उसने कार का शीशा खोलकर पिस्टल दिखाई और जल्द 50 लाख रुपये देने या जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अंकुर के कार्यालय में कारतूस के साथ धमकी भरा पत्र भी भेजा गया।
इनामउल्लाह की तलाश में दबिश
घटना के बाद से इनामउल्लाह फरार है। पुलिस उसकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है। वर्ष 2015 में गिरफ्तारी के दौरान इनामउल्लाह पर एसटीएफ पर हमला करने का भी आरोप है। पुलिस ने उधम सिंह व इनामउल्लाह पर इनाम घोषित कराने की कार्रवाई भी तेज कर दी है। बिल्डर अंकुर शर्मा को भी सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि उधम सिंह और इनामउल्लाह की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
यह भी पढ़ें- गजब! नमो भारत स्टेशन से बाहर आने पर भी 24 घंटे तक काॅरिडोर में दिखाया यात्री, लगा दी पेनाल्टी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।