माफिया उधम सिंह के मामले में मेरठ पुलिस को शुगर मिल के GM पर संदेह; 50 लाख रंगदारी की धमकी के बाद बिल्डर को दी सुरक्षा
Meerut News: पुलिस जांच में किनौनी शुगर मिल के जीएम की भूमिका माफिया उधम सिंह से संबंध को लेकर संदेह ...और पढ़ें

किनौनी शुगर मिल में जीएम के केबिन में जाता ऊधमसिंह (लाल घेरे में)l वीडियो ग्रैब
HighLights
जीएम के केबिन में उधमसिंह के पहुंचने के प्रमाण मिलने पर भी मुकदमे से खींचे हाथ।
उधम सिंह के डर से मिल के जीएम और बिल्डर को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई।
जागरण संवाददाता, मेरठ। किनौनी शुगर मिल में जीएम केपी सिंह तेवतिया के केबिन तक प्रदेश के अपराध माफिया उधम सिंह के पहुंचने के प्रमाण मिले हैं। पुलिस जांच में जीएम की भूमिका भी संदेह के दायरे में है। उधम के काफी देर तक केबिन में रुकने के बावजूद जीएम ने मुकदमा दर्ज कराने से इन्कार कर दिया था।
पुलिस का मानना है कि जीएम की शह पर ही वह मिल पहुंचा था। हालांकि, जीएम को पुलिस सुरक्षा दी गई है। रियल स्टेट कंपनी एसआर डेवलपर्स के पार्टनर अंकुर शर्मा को भी सुरक्षा मुहैया कराई गई है, क्योंकि उधम सिंह के शूटर इनामउल्लाह ने बिल्डर को कारतूस के साथ धमकी भरा पत्र भेजा है।
2015 में गिरफ्तारी के दौरान इनामउल्लाह ने एसटीएफ पर भी हमला किया था। पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी अंकुर शर्मा ने आरोप लगाया कि इनामउल्लाह ने उनके निर्माण कार्य में बाधा डालकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
अंकुर के अनुसार, इनामउल्लाह ने खुद को उधम सिंह का शूटर बताया और रकम नहीं देने पर काम रुकवाने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि सात सितंबर 2026 को सुबह करीब नौ बजे वह आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जा रहे थे। उन्हें लगा कि जिम के बाहर खड़ी दो गाड़ियां उनका पीछा कर रही हैं।
अशोक की लाट के पास उन गाड़ियों ने उनकी कार को आगे-पीछे से घेरकर रोक लिया। आरोप है कि एक गाड़ी से उतरे इनामउल्लाह ने कहा कि अंकुर को समझाना काम नहीं आया और आज भाई साहब (उधम सिंह) खुद उनका इलाज करने आए हैं।
यह भी पढ़ें- कुख्यात उधम सिंह की X पोस्ट से हलचल, शुगर मिल के GM को बताया बड़ा भाई; SSP और ADG को दीं दीपावली की शुभकामनाएं
गाड़ी में बैठे तीन लोगों में से एक को उधम सिंह बताया गया। उसने कार का शीशा खोलकर पिस्टल दिखाई और जल्द 50 लाख रुपये देने को कहा। न देने पर जान से मारने की धमकी दी। अंकुर ने बताया कि कुछ दिन बाद कारतूस के साथ उसके आफिस में धमकी भरा पत्र भी आया। घटना के बाद से इनामउल्लाह फरार है।
पुलिस उसकी धरपकड़ को दबिश डाल रही है। साथ ही इनामउल्लाह और उधम सिंह पर इनाम को लेकर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। साथ ही उधम सिंह की एक वीडियो भी पुलिस को मिली है, जिसमें सात अक्टूबर को किनौनी शुगर मिल के जीएम केपी सिंह से मिलने गया था।
वीडियो आने के बाद केपी सिंह का कहना है कि उन्हें जान का खतरा है, डर के कारण वह उधम के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि उधम और इनामउल्लाह की लोकेशन निकाली जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।