Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फरमानी की आवाज देशभर में गूंजना गर्व की बात : बालियान

    By JagranEdited By:
    Updated: Sun, 13 Dec 2020 10:17 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान ने मोहम्मदपुर लोहड्डा पहुंचकर फरमानी नाज व उनके बेटे का हाल जाना। उन्होंने कहा कि मुश्किलों से जीतकर फरमानी की आवाज देशभर में गूंज रही है। यह देश के लिए गर्व की बात है। बालियान ने उनके बीमार पुत्र का पूर्ण इलाज कराने का जिम्मा लिया।

    Hero Image
    फरमानी की आवाज देशभर में गूंजना गर्व की बात : बालियान

    जेएनएन, मुजफ्फरनगर। केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान ने मोहम्मदपुर लोहड्डा पहुंचकर फरमानी नाज व उनके बेटे का हाल जाना। उन्होंने कहा कि मुश्किलों से जीतकर फरमानी की आवाज देशभर में गूंज रही है। यह देश के लिए गर्व की बात है। बालियान ने उनके बीमार पुत्र का पूर्ण इलाज कराने का जिम्मा लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रविवार सुबह केंद्रीय राज्य मंत्री मोहम्मदपुर लोहड्डा गांव पहुंचे। यहां प्राथमिक विद्यालय में फरमानी नाज के लिए कार्यक्रम रखा गया। बालियान ने फरमानी को बुके देकर स्वागत किया। उनसे जीवन-संघर्ष और गायिकी के बारे में जानकारी ली। फरमानी ने बताया कि वह ससुराल से पीड़ित होकर मायके में रह रही है। उसका बेटा बीमार है, इसके लिए गायिकी की राह चुनी। डा. बालियान ने कहा कि चौका-चूल्हा करते फरमानी के गानों के वीडियो वायरल हुए हैं। इस बहन की आवाज देशभर में गूंज रही है। वह हौसला बढ़ाने आए हैं। जीवन में समस्याएं सबके सामने आती हैं, लेकिन यह इनसे पार पाकर आगे बढ़ी हैं। उन्होंने फरमानी नाज के पुत्र अर्स मोहम्मद का इलाज कराने का भी जिम्मा लिया। कहा कि वह दिल्ली के एम्स में उपचार की व्यवस्था कराएंगे। आपरेशन व इलाज का सारा खर्च वह उठाएंगे।

    दैनिक जागरण का किया धन्यवाद

    डा. संजीव बालियान ने कहा कि वह पिछले दिनों पश्चिम बंगाल में थे। इंटरनेट मीडिया पर फरमानी नाज की वीडियो देखी थी। शुक्रवार को घर पर दैनिक जागरण में फरमानी के संघर्ष की खबर पढ़ी। वह भावुक हो गए और फरमानी से मिलने का निर्णय लिया। केंद्रीय राज्यमंत्री व फरमानी के स्वजन ने दैनिक जागरण का धन्यवाद किया।

    इंडियन आइडल के मंच तक

    फरमानी नाज ने अपने भाई फरमान के साथ मिलकर गायिकी का आगाज किया। चौका-चूल्हा, घर-आंगन की गायकी के बूते वह इंडियन आइडल के मंच तक पहुंच गई। वह बताती हैं कि बेटे की हालत देखकर वह गायिकी राह पर उतर गई हैं। मेरठ के हसनपुर निवासी पति मोहम्मद इमरान ने दुत्कार दिया तो मायके में रहने लगीं। पिता की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह उसके पुत्र का इलाज करा पाएं। इसके चलते वह खुद ही जद्दोजहद में लगी है। सरधना के राहुल कुमार ने उनके वीडियो को अपने यू-ट्यूब चैनल आशू बच्चन सिगर पर अपलोड किए तो देशभर में फरमानी की आवाज गूंज पड़ी। राहुल कुमार ने बताया कि फरमानी को अब हरियाणवी गीतों के लिए भी अवसर मिल रहे हैं।