बिंदल पेपर मिल के डायरेक्टर से 47.95 लाख की ठगी, चेन्नई की कंपनी के संचालक पर मुजफ्फरनगर में मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर के बिंदल पेपर मिल के निदेशक से चेन्नई की एक मशीन निर्माता कंपनी ने 47.95 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
चेन्नई में 2.40 करोड़ रुपये में किया था मशीन का सौदा।
मशीन की आड़ में एक साल से आरोपित कर रहा गुमराह।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। बिंदल पेपर मिल के निदेशक से चेन्नई के कोयंबटूर की मशीन निर्माता कंपनी के संचालक ने 47.95 लाख रुपये हड़प लिए और धमकी दी।
पेपर मिल के निदेशक ने एक मशीन के लिए कंपनी के साथ 2.40 करोड़ रुपये में सौदा तय किया था, जिसकी एडवांस रकम भेजी गई थी। एक साल से आरोपित लोग मशीन नहीं दे सके हैं और रकम लौटाने के नाम पर गुमराह कर रहे हैं।
भाेपा रोड स्थित बिंदल पेपर्स के निदेशक मयंक बिंदल ने नई मंडी थाने पर दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि पेपर मिल में बड़ी मशीन लगाने के लिए चेन्नई के कोयंबटूर स्थित सरवाल इंजीनियरिंग वर्क्स, करमादाई, मेट्टुपालयम के निदेशक रामप्रसाद से संपर्क किया था। 28 मई 2025 को मशीन खरीदने के लिए 2.40 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ था।
इसके लिए 31 जुलाई 2025 को कंपनी के खाते में 47.95 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। रकम मिलने के बाद भी कंपनी के निदेशक ने मशीन नहीं भेजी। इसके लिए निरंतर संपर्क किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल सका। लगभग एक साल से कंपनी के निदेशक और संचालक उन्हें गुमराह कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर: क्रॉकरी के गोदाम में भीषण आग से लाखों का सामान खाक, कॉलोनी में मची अफरातफरी
शिकायत करने पर धमकी दी गई। मयंक बिंदल ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा से मिलकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद नई मंडी थाने में आरोपित राम प्रसाद के विरुद्ध धोखाधड़ी से रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर आनंददेव मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। कंपनी को किए गए भुगतान संबंधित सभी साक्ष्य लिए गए हैं। इनके आधार पर जांच होगी।
