मुजफ्फरनगर: एक बाइक पर सवार थे चार युवक, हादसे में दो की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
मुजफ्फरनगर में नई मंडी थाना क्षेत्र के पचेंड़ा रोड पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवकों में से ...और पढ़ें

उज्ज्वल और निखिल के फाइल फोटो।
HighLights
पचेंडा रोड पर लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने मारी टक्कर।
बाइक सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से हुआ यह हादसा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाने के पचेंड़ा रोड पर सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो युवकों की मौत हो गई। इनके दो साथियों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
छपार के गांव दतियाना निवासी 22 वर्षीय उज्जवल पुत्र जयवीर, 22 वर्षीय निखिल पुत्रकाला, टिंकू पुत्र सहनसरपाल, वंश कुमार पुत्र मनोज कुमार एक बाइक पर सवार होकर मंडी क्षेत्र से गांव लौट रहे थे। बताया गया कि रात लगभग 11:30 बजे पचेंड़ा रोड पर लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां चिकित्सकों ने निखिल और उज्जवल को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर नई मंडी आनंददेव मिश्रा ने बताया कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे, जो गांव लौट रहे थे। हादसे में मारे गए युवकों को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने संवेदना व्यक्त की है।
विवाहिता ने की आत्महत्या, ससुराल के बाहर शव रखकर हंगामा
मुजफ्फरनगर: विवाहिता ने गाजियाबाद में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे आक्रोशित स्वजन ने भोपा रोड पर ससुराल के बाहर विवाहिता का शव रखकर हंगामा किया। नई मंडी पुलिस ने स्वजन को समझाकर शांत किया। साथ ही आरोपितों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के घेर कालेसराय निवासी सुशील तायल की बेटी प्राची तायल की शादी 23 नवम्बर 2025 को दक्षिणी भोपा रोड निवासी हार्दिक तायल के साथ हुई थी। हार्दिक तायल उनकी बेटी प्राची को लेकर गाजियाबाद वेव सिटी थाना क्षेत्र में रहता था। दो दिन पूर्व प्राची ससुराल में आई थी। उसकी ननद की शादी 20 नवंबर को होनी है।
आरोप है कि किसी बात को लेकर ससुराल पक्ष से उसका विवाद हो गया। उसकी माता अंजु तायल ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी को दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे। मंगलवार को प्राची का शव गाजियाबाद स्थित मकान में फंदे पर लटका मिला।
गाजियाबाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं उसके पति हार्दिक को गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार देर रात स्वजन शव को पोस्टमार्टम के बाद भोपा रोड पर ससुराल लेकर पहुंचे और हंगामा किया।
शव घर के बाहर रखकर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। आरोप लगाया कि गाजियाबाद पुलिस ने सास ससुर व अन्य आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया। नई मंडी प्रभारी आनंददेव मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद के वेव सिटी थाने में पति, ससुरालियों व बिचौलिये के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। गाजियाबाद पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
