विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा की रेती पर बसा तंबुओं का शहर: आस्था से सराबोर शुकदेव नगरी, गंगा आरती और मुंडन संस्कार को आए श्रद्धालु

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:10 AM (IST)

पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में आस्था का सैलाब उमड़ा है, जहां गंगा की रेती पर तंबुओं का शहर बस गया है। हजारों श्रद्धालु परिवार सहित भक्ति और उल्लास के वातावरण में गंगा स्नान, दर्शन-पूजन और धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद ले रहे हैं।

तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में ठहरने के लिए श्रद्धालुओं ने लगाए तंंबू डेरे : जागरण

तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में ठहरने के लिए श्रद्धालुओं ने लगाए तंंबू डेरे : जागरण

HighLights

  1. शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा मेले की भव्य रौनक

  2. गंगा की रेती पर हजारों श्रद्धालुओं का जमावड़ा

  3. मंदिरों में दर्शन, गंगा आरती, मुंडन संस्कार जारी

संवाद सूत्र, मोरना (मुजफ्फरनगर)। पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की रौनक देखते ही बन रही है। आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि गंगा की रेती पर दूर-दूर तक तंबुओं का शहर बस गया है। कहीं भैंसा-बुग्गियों की कतारें हैं तो कहीं ट्रैक्टर-ट्रालियों के बीच श्रद्धालुओं के अस्थायी डेरे नजर आ रहे हैं। शामली और मुजफ्फरनगर सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु परिवार सहित मेले में पहुंचकर भक्ति और उल्लास के वातावरण में रम गए हैं।
जिला पंचायत की ओर से आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की आमद लगातार बढ़ रही है। गंगा की रेती में अपने डेरे बसाने के बाद श्रद्धालु गंगा स्नान कर मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। श्री शुकदेव आश्रम, हनुमद्धाम, गणेश धाम, शिव धाम, दुर्गा धाम और मां पीतांबरा धाम में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है।

ganga snan small

मंदिरों में दर्शन-पूजन, अक्षय वट की परिक्रमा और गंगा आरती में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

श्रद्धालु भगवान को प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधने और मनौती मांगने वालों का भी तांता लगा हुआ है। गंगा घाट पर शाम को होने वाली आरती के समय हर-हर गंगे के जयघोष से पूरी तीर्थनगरी गूंज उठती है। दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की सामूहिक आरती से घाट का दृश्य भक्तिमय हो जाता है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा घाट पर पीएसी तैनात की गई है, जबकि महिला घाट पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालु कारगिल शहीद स्मारक और शिक्षा ऋषि की समाधि पर भी पहुंचकर पुष्प अर्पित कर नमन कर रहे हैं। मेले के बाजारों में भी खूब चहल-पहल है। घरेलू सामान, खिलौने और खानपान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। गंगा की रेती में बने अपने डेरों पर श्रद्धालु परिवार के साथ तरह-तरह के पकवान बनाकर मेले का आनंद ले रहे हैं।

आश्रमों में गूंज रहे सत्संग और प्रवचन

मेले के दौरान विभिन्न आश्रमों में धार्मिक कार्यक्रमों की धूम है। प्राचीन दंडी आश्रम, महाशक्ति सिद्धपीठ, रविदास आश्रम, सत साहेब आश्रम, खिचड़ी वाले बाबा का आश्रम, श्री महेश्वर आश्रम और मानव निर्माण योग आश्रम सहित अनेक स्थानों पर सत्संग एवं प्रवचन आयोजित किए जा रहे हैं। संत-महात्मा श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- संघ प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर रूट डायवर्ट, शुकतीर्थ आश्रम में कड़ी सुरक्षा; तीन दिन का ये है कार्यक्रम

यह भी पढ़ें- शुकतीर्थ में आज आएंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत, राष्ट्रचेतना को देंगे नई ऊर्जा; मुजफ्फरनगर में कड़ी सुरक्षा

गंगा तट पर बच्चों का कराया मुंडन संस्कार

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में बच्चों का मुंडन संस्कार कराने की प्राचीन परंपरा भी निभाई जा रही है। कई परिवार बच्चे के जन्म के समय ही गंगा मेले में मुंडन कराने का संकल्प लेते हैं। बुधवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सगे-संबंधियों की मौजूदगी में गंगा तट पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया।

वाहनों और डेरों की पुलिस ने ली तलाशी

मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी सतर्क है। सीओ राधारमण सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार और मेला कोतवाल विनोद कुमार ने पुलिस बल के साथ श्रद्धालुओं के वाहनों और अस्थायी डेरों की तलाशी ली। इस दौरान कई भैंसा-बुग्गियों और डेरों से शराब बरामद हुई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर जांच अभियान जारी रखा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।