UP Panchayat Chunav 2021 : मुरादाबाद में जिला पंचायत की एक सीट पर सपा के दो विधायक एक दूसरे के खिलाफ कर रहे प्रचार, दोनों के परिवार से महिलाओं ने भरा है नामांकन
UP Panchayat Chunav 2021 कुंदरकी के विधायक हाजी मुहम्मद रिजवान अपने बेटे हाजी मुहम्मद उवैश उर्फ कल्लन की पत्नी सबा परवीन के लिए टिकट मांग रहे हैं जबकि बिलारी के विधायक फहीम इरफान ने अपने बड़े भाई वसीम अहमद की पत्नी शबनम जहां के लिए टिकट मांगा है।

मुरादाबाद, (मोहसिन पाशा)। UP Panchayat Chunav 2021 : जिला पंचायत का वार्ड-23 से चुनाव लड़ने के लिए दो सपा विधायकों के परिवार की बहुओं के आवेदन आए हैं। कुंदरकी के विधायक हाजी मुहम्मद रिजवान अपने बेटे हाजी मुहम्मद उवैश उर्फ कल्लन की पत्नी सबा परवीन के लिए टिकट मांग रहे हैं जबकि बिलारी के विधायक फहीम इरफान ने अपने बड़े भाई वसीम अहमद की पत्नी शबनम जहां के लिए टिकट मांगा है। दो सपा विधायकों के परिवार की बहुओं की दावेदारी से यह वार्ड वीआइपी बन गया है। जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव दोनों विधायकों में किसी तरह से सहमति बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, अभी तक बन नहीं पाई है। सहमति न बन पाने की वजह से यह मामला सपा मुखिया अखिलेश यादव के पास भेजा जा रहा है। अब वही दोनों विधायकों के बाद करके मसले को सुलझाने का काम करेंगे।
जिला पंचायत के वार्ड-23 से महिला के लिए आरक्षित है। हाजी कल्लन इस वार्ड पर काफी समय से अपनी पत्नी चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे हैं। उनका तर्क यह है कि वह इसी क्षेत्र से निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य हैं। इसलिए सीट महिला में होने की वजह से उन्होंने अपनी पत्नी को उतारने का मन बनाया है। वह चुनाव में सफलता के लिए गांव-गांव सभाएं भी कर रहे हैं। बिलारी विधायक फहीम इरफान भी की भी इस वार्ड पर काफी समय से नजर है। वह भी यहां से चुनाव लड़ने के लिए लगातार लोगों के संपर्क में थे। बिलारी के ज्यादातर वार्ड आरक्षित होने पर उन्होंने भी इसी वार्ड पर अपना दावा ठोक दिया। उनके पास यह तर्क है कि हमारी विधानसभा के कई गांव इस वार्ड में आते हैं। कल्लन जिस वार्ड से चुनाव लड़कर जिला पंचायत सदस्य बने वह यह नहीं है। जितना उनका हक है, उतना ही हमारा भी है। सबा और शबनम दोनों के एक ही वार्ड से चुनाव लड़ने के दावे से सपा विधायक आमने-सामने आ गए हैं। शनिवार को सपा जिलाध्यक्ष ने दोनों विधायकों को एक साथ बैठाकर सहमति बनाने की कोशिश की। लेकिन, अभी तक बात नहीं बन पाई है। वार्ड का चुनाव बहुत दिलचस्प बना हुआ है। सपा से जुड़े लोग ही मतदान को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं। दोनों विधायकों की जिला पंचायत की कुर्सी पर नजर सपा के दोनों विधायकों की वार्ड-23 से अपने परिवार की महिलाओं को चुनाव लड़ाने का मतलब साफ है। दोनों ही विधायकों की जिला पंचायत अध्यक्ष पर नजर है। वह अन्य वार्डों पर भी अपनी पसंद से प्रत्याशी उतारने के लिए अभी से गोटियां बिछा रहे हैं। कुर्सी के लिए वे अपने खासमखास लोगों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं।
वार्ड-23 पर सबा परवीन ही जिला पंचायत सदस्य थींं
वार्ड-23 पर सबा परवीन ही जिला पंचायत सदस्य थींं।इस बार भी वही चुनाव लड़ रही हैं। वह सपा की अजीवन सदस्य हैं। पिछली बार सपा की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी को वोट दिया। हमारी विधानसभा के वार्ड में 26 हजार वोट हैं। बिलारी के दस हजार हैं। टिकट देने के लिए बनाई कमेटी ने भी हमारे के संस्तुति की है। बिलारी विधायक बिना वजह विवाद पैदा कर रहे हैं। पार्टी नेताओं की मौजूदगी में वह इस सीट को अल्लाह के वास्ते मांग रहे थे। हम अपनी सीट कैसे दे दें। विधायक फहीम इरफान ने बताया कि हाजी कल्लन पिछले 15 महीने से बिलारी विधानसभा से गांव-गांव जाकर बसपा से चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। कई गांव में जाकर खुद को बसपा का उम्मीदवार भी बताया है। बसपा से टिकट भी मांग रहे हैं। किस पार्टी में हैं। बसपा में हैं तो सपा से पत्नी के लिए टिकट क्यों मांग रहे हैं। कल्लन अपना रुख तय करें किस पार्टी में हैं। कितने वार्डों से चुनाव लड़ेंगे। वार्ड-18 से भी यही कल्लन दावेदार हो रहे हैं। हम असली सपाई हैं। वार्ड-23 से टिकट मांग रहे हैं। सपा मुखिया के सामने अपनी बात रखेंगे। जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने बताया कि सबा परवीन और शबनम जहां दोनों ने वार्ड-23 से टिकट मांगने के लिए आवेदन किया है। दोनों सपा विधायकों के परिवार से हैं। विधायकों को बैठाकर सहमति बनाने की कोशिश की गई है। लेकिन, अभी बात नहीं बन पाई है। इस मामले में पार्टी हाईकमान से बात हुई है। इस मामले को सुलझाने के लिए वहीं भेज दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।