रामपुर में बनी प्रदेश की सबसे खूबसूरत झील, ईद से पहले ही शुरू करने की तैयारी
पुलिस लाइन के पास कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार के नाम से यह झील सपा सरकार में ही बन गई थी। इसपर करीब 24 करोड़ की लागत आई। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसका उद्घाटन भी कर दिया था लेकिन कुछ कमी रह जाने के कारण शुरू नहीं हो पाई थी।

रामपुर, जेएनएन। नवाबों के शहर रामपुर में अब प्रदेश की सबसे बड़ी और खूबसूरत झील बनकर तैयार हो गई है। इसके पास ही देश की नंबर वन नक्षत्रशाला भी है। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
पुलिस लाइन के पास कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार के नाम से यह झील सपा सरकार में ही बन गई थी। इसपर करीब 24 करोड़ की लागत आई। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसका उद्घाटन भी कर दिया था, लेकिन कुछ कमी बाकी रह जाने के कारण शुरू नहीं हो पाई थी। प्रशासन ने इसे 10 साल के लिए ठेके पर दे दिया। कांट्रेक्टर द्वारा तमाम कमियां दूर कराने के साथ ही पूरी तरह तैयार हो गई है। अब इसे बेहद खूबसूरत तरीके से बनाया गया है। ताजमहल, लोटस टैंपल, कुतुबमीनार समेत अन्य ऐतिहासिक भवनों का मॉडल तैयार किया गया है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ का कहना है कि कस्तूरबा गांधी पक्षी विहार को बेहद खूबसूरत बनाया गया है। मेरी नजर में तो शायद दिल्ली में ही ऐसी खूबसूरत जगह होगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। रामपुर के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। रामपुर में देश का पहला अमृत सरोवर भी बना है, जिसकी खूबसूरती की पांच दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में तारीफ की थी। अब यह खूबसूरत झील भी तैयार हो गई है।
प्रदेश की सबसे लंबी झील: इसके संचालक आबिद हुसैन का कहना है कि पक्षी विहार में ताजमहल, लोटस टैंपल, कुतुबमीनार समेत अन्य ऐतिहासिक इमारतों के माडल तैयार किए गए हैं। यह प्रदेश की सबसे बड़ी झील होने के साथ ही सबसे खूबसूरत है। झील की नहर ही डेढ़ किलोमीटर से अधिक लंबी है, जो प्रदेश में सबसे लंबी झील है। इसमें झूलों की भी व्यवस्था की गई है। खानपान की भी बेहतरीन व्यवस्था की जा रही है। यहां आने वाले लोगों से निर्धारित शुल्क वसूला जाएगा। ईद से एक दिन पहले शुरू कराने का इरादा है।
पक्षी विहार में उपलब्ध सुविधाएं
झील की नहर डेढ़ किलोमीटर से अधिक है।
नहर में वोटिंग की सुविधा भी की गई है।
मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए हैं।
कैंटीन में खाने पीने का इंतजाम रहेगा।
पार्क में रोशनी का बेहतरीन इंतजाम किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।