विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

11 साल पहले छोड़ा देश और बना अमेरिकी नागरिक, फिर भी यूपी के संभल में चल रहे राइफल-रिवॉल्वर के लाइसेंस

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:56 PM (IST)

संभल में एक अमेरिकी नागरिक के भारतीय शस्त्र लाइसेंस अभी भी सक्रिय होने का मामला सामने आया है, जबकि उसने 11 साल पहले भारतीय नागरिकता छोड़ दी थी। मंडलायुक्त ने इस मामले में डीएम संभल से रिपोर्ट मांगी है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. विदेश में रहते हुए नवीनीकरण कराने का भी आरोप, मंडलायुक्त ने डीएम संभल से मांगी रिपोर्ट

मोहसिन पाशा, मुरादाबाद। भारतीय नागरिक के शस्त्र लाइसेंस लेने के लिए थाने चौकी और अफसरों के दरबार में चक्कर लगाते-लगाते चप्पलें घिस जाती हैं लेकिन, अफसरों की मेहरबानी नहीं होती जबकि संभल के एक व्यक्ति ने भारतीय नागरिकता छोड़कर अपना पासपोर्ट भी सरेंडर कर दिया। वह अमेरिकी नागरिक बन गया लेकिन, भारत में राइफल और रिवाल्वर के शस्त्र लाइसेंस अब भी उनके नाम से चल रहे हैं।

शस्त्र लाइसेंस निरस्त नहीं होने का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। विदेश में रहते हुए कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नवीनीकरण कराने की शिकायत पर मंडलायुक्त संगीता सिंह ने जिलाधिकारी संभल से रिपोर्ट मांगी है।

मामला संभल के थाना असमोली क्षेत्र के ग्राम इकरोटिया का है। इस गांव के निवासी फरहत अब्बास ने मंडलायुक्त को शिकायती पत्र देकर हुर्र मेहंदी बाकरी उर्फ सुहैल के शस्त्र लाइसेंस की जांच कराने की मांग की है।

शिकायत में कहा कि मेहंदी बाकरी ने 26 जून 2014 को अमेरिकी नागरिकता ग्रहण कर ली है। 30 जनवरी 2015 को भारतीय नागरिकता त्याग दी और चार फरवरी 2015 को भारतीय पासपोर्ट संख्या जेड Z2113073 भी सरेंडर कर दिया था।

इसके बावजूद उसके नाम पर शस्त्र लाइसेंस संख्या 1332 IIND के तहत राइफल संख्या 07420955233686A2F720 और रिवाल्वर संख्या FG2629833686A2F720 अब भी दर्ज हैं।

शिकायतकर्ता ने वर्ष 2007 से 2025 तक हुए लाइसेंस नवीनीकरण की जांच कराने की मांग की है। आरोप है कि अमेरिकी नागरिकता लेने और भारतीय नागरिकता छोड़ने के बाद भी विदेश में रहते हुए लाइसेंस का नवीनीकरण कराया जाता रहा।

आरोप है कि इसके लिए कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में सवाल उठाया गया है कि नवीनीकरण के आवेदनों में अमेरिकी नागरिकता और भारतीय नागरिकता छोड़ने की जानकारी दी गई थी या नहीं।

यह भी सवाल है, यदि जानकारी दी गई थी तो लाइसेंस निरस्त क्यों नहीं हुए और यदि यह तथ्य छिपाया गया तो पुलिस सत्यापन किस आधार पर किया गया? इन सवालों का जवाब पुराने नवीनीकरण आवेदनों, स्वीकृति आदेशों और पुलिस सत्यापन रिपोर्ट से तलाशा जा सकता है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने 15 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी संभल को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब मंडलायुक्त संगीता से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया है। मंडलायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेकर डीएम से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है।

शस्त्र जमा होने की जानकारी देकर निपटा दी शिकायत

शिकायतकर्ता ने असमोली पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि पुलिस ने दोनों शस्त्र थाने में जमा होने की जानकारी देकर शिकायत का निस्तारण कर दिया, जबकि लाइसेंस के नवीनीकरण और नागरिकता से जुड़े मूल सवालों की जांच नहीं की गई।

फरहत अब्बास का आरोप है कि दोनों शस्त्र संबंधित व्यक्ति के बड़े भाई अली मेहंदी के पास रखे जाते थे और इनके जरिए गांव में भय का माहौल बनाया जाता था। उन्होंने शस्त्रों के वास्तविक कब्जे और इस्तेमाल की भी जांच कराने की मांग की है।

 

प्रकरण की जांच कराई जाएगी। नियमानुसार अमेरिका की नागरिकता पर भारत में शस्त्र लाइसेंस होना गलत है। अगर, थाने स्तर से इसकी रिपोर्ट बनाकर भेजी गई है तो लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

- विकास चंद्र त्रिपाठी, एसपी, संभल

 

प्रकरण की शिकायत मिली हैं। इसकी सच्चाई क्या है और कहां पर चूक की गई है। इसको दिखवाया जा रहा है। जांच में जो गलत पाया गया और दोषी मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी।

- अंकित खंडेलवाल, डीएम, संभल


यह भी पढ़ें- सुरक्षा पर संकट या काम का दबाव? मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली, थकान में ट्रेन दौड़ा रहे लोको पायलट

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद के इस सरकारी स्कूल में एक साल से 'प्यासे' हैं 228 बच्चे, स्मार्ट सिटी की बोरिंग उगल रही गंदा पानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।