मुरादाबाद के इस सरकारी स्कूल में एक साल से 'प्यासे' हैं 228 बच्चे, स्मार्ट सिटी की बोरिंग उगल रही गंदा पानी
मुरादाबाद के सोनकपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय के 228 बच्चे एक साल से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं क्योंकि स्मार्ट सिटी की बोरिंग से गंदा पानी आ रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नगर निगम को पत्र लिखकर बोरिंग ठीक कराने और तब तक पानी का टैंकर भेजने का अनुरोध किया था।

कंपोजिट स्कूल सोनकपुर में बोतल में भरा गंदा पानी। सौ.वि
HighLights
बीएसए ने जुलाई में नगर निगम को लिखा था पत्र, इसके बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
बोरिंग ठीक होने तक रोज टैंकर भेजने का किया था अनुरोध, वह भी नहीं मिला
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। स्मार्ट सिटी के तहत कराई गई बोरिंग से गंदा पानी आने के कारण सोनकपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय और परिसर में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय मिलक भोला सिंह के बच्चे एक साल से पेयजल संकट झेल रहे हैं। दोनों विद्यालयों में 228 बच्चों का नामांकन है।
समस्या के समाधान के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से 15 जुलाई को नगर निगम को पत्र भी भेजा गया था। इसमें बोरिंग ठीक कराने और तब तक बच्चों के पीने के लिए प्रतिदिन पानी का टैंकर भेजने का अनुरोध किया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
सोनकपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में 103 बच्चे पढ़ते हैं, जबकि परिसर में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय मिलक भोला सिंह में 125 बच्चों का नामांकन है।
मिलक भोला सिंह का मूल विद्यालय भवन जर्जर घोषित होने के कारण उसका संचालन सोनकपुर स्थित मल्टी सेक्टोरियल कंपोजिट विद्यालय में किया जा रहा है।
नगर निगम की ओर से स्मार्ट सिटी योजना के तहत विद्यालय परिसर में बोरिंग कराई गई थी। सबमर्सिबल खराब होने के कारण बोरिंग से गंदा पानी आने लगा।
बीएसए ने टैंकर भेजने का किया था अनुरोध
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने 15 जुलाई 2026 को नगर निगम के महाप्रबंधक (जल) को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया था।
पत्र में उच्च प्राथमिक विद्यालय मिलक भोला सिंह की प्रधानाध्यापिका सर्वेश के आवेदन का हवाला देते हुए बताया गया कि बोरिंग और सबमर्सिबल खराब होने से बच्चों व स्टाफ को परेशानी हो रही है।
बीएसए ने बोरिंग ठीक कराने के साथ ही मरम्मत होने तक प्रतिदिन पानी का टैंकर भेजने का अनुरोध किया था। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त समेत संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई थी।
एलईडी बंद, रास्ता भी जर्जर
विद्यालय में लगी एलईडी भी एक साल से अधिक समय से बंद है। इंटरनेट नहीं होने के कारण विद्यालय की आठ एलईडी नहीं चल पा रही हैं। वहीं, विद्यालय तक पहुंचने वाला करीब 700 मीटर रास्ता भी जर्जर है।
कंपोजिट विद्यालय सोनकपुर के इंचार्ज अध्यापक ताहिर हुसैन के अनुसार सभी समस्याओं को लेकर शिक्षकों से नगर निगम को कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन पेयजल, एलईडी और रास्ते की समस्या दूर नहीं हो सकी।
हमें पत्र प्राप्त हो चुका है। टैंकर की व्यवस्था कराने के प्रयास हैं। आर्डर भी मिला है कि नगर क्षेत्र के जितने भी विद्यालय हैं उनमें पेयजल संबंधी कार्य को नगर विकास ही करेगा। जल्द मशीन भिजवा कर यहां बोरिंग भी कराई जायेगी।
- राम कैलाश गुप्ता, जीएम, जल कल निगम।
यह भी पढ़ें- न प्रमोशन मिला, न समायोजन... मुरादाबाद में गुपचुप तरीके से पूरी कर दी गई 367 पदों पर आंगनबाड़ी भर्ती!