विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न प्रमोशन मिला, न समायोजन... मुरादाबाद में गुपचुप तरीके से पूरी कर दी गई 367 पदों पर आंगनबाड़ी भर्ती!

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:29 PM (IST)

मुरादाबाद में 367 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पदों पर भर्ती में अनियमितताओं का आरोप है। मौजूदा सहायिकाओं को पदोन्नति या समायोजन का अवसर नहीं मिला, और चयन सूची सार्वजनिक किए बिना नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर नियुक्ति में अनदेखी किए जाने का है आरोप

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। विभाग में वर्षों से सहायिका के रूप में काम कर रहीं महिलाओं को उम्मीद थी कि कार्यकर्ता पदों पर रिक्तियां निकलेंगी तो उन्हें पदोन्नति या समायोजन का अवसर मिलेगा, लेकिन उनकी उम्मीद पूरी नहीं हुई। विभाग ने न प्रमोशन दिया और न समायोजन की प्रक्रिया अपनाई। सीधे नई भर्ती कर दी गई।

जिले में 367 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में चयन सूची सार्वजनिक नहीं किए जाने में हीलाहवाली करने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के बजाए विभाग के अधिकारी की ओर से आवेदिकाओं को एक-एक करके फोन किया जा रहा है और कार्यालय बुलाकर नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।

इस व्यवस्था के खिलाफ कई आवेदिकाएं शिकायत कर चुकी हैं। मामला मुख्य विकास अधिकारी तक पहुंच गया है लेकिन, कार्रवाई के नाम पर कुछ अभी तक नहीं हुआ।

आरक्षण के नाम पर हुए खेल की फाइल भी लखनऊ जाकर दब गई है। जनपद में इसी साल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 367 पदों पर भर्ती निकली थी।

इनमें कार्यकर्ता के 51 और सहायिका के 316 पद शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन सूची अंतिम रूप से तैयार कर ली गई, लेकिन आरोप है कि इसे सार्वजनिक नहीं किया गया।

मुरादाबाद देहात, बिलारी और भगतपुर टांडा क्षेत्र के कुछ नियुक्ति पत्र माननीयों को बुलाकर बंटवा दिए हैं। बाकी को आफिस बुलाया। आवेदिकाओं का कहना है कि जब चयन सूची तैयार हो चुकी है तो इसे नोटिस बोर्ड पर चस्पा क्यों नहीं किया जा रहा है?

जिला विकास अधिकारी श्वेतांक पांडेय ने बताया कि वह भर्ती कमेटी में शामिल नहीं हैं। एक मामले की जांच उन्हें सौंपी गई थी। जांच पूरी करके रिपोर्ट आला अधिकारियों को सौंप दी है।

समायोजन की अर्जी को ठुकराया

कुंदरकी ब्लाक की आंगनबाड़ी सपना का कहना है कि शादी के बाद उनका उनका समायोजन होना चाहिए था, लेकिन विभाग ने ऐसा नहीं किया। रामपुर की तरन्नुम जहां ने बताया कि शादी के बाद वह मुरादाबाद में समायोजन चाहती थीं।

इसके लिए उन्होंने आवेदन भी किया था, लेकिन उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि नई सुपरवाइजरों को बैठाकर भर्ती प्रक्रिया पूरी करा दी गई, जबकि पहले से काम कर रही सहायिकाओं के प्रमोशन और समायोजन पर ध्यान नहीं दिया गया।

यह भी पढ़ें- इंजीनियर की नौकरी छोड़ शुरू किया मछली पालन, आज लाखों कमा रहा मुरादाबाद का यह युवा किसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।