इंजीनियर की नौकरी छोड़ शुरू किया मछली पालन, आज लाखों कमा रहा मुरादाबाद का यह युवा किसान
मुरादाबाद में मछली पालन किसानों और युवाओं के लिए आय का नया स्रोत बन रहा है, जहां इंजीनियर पवन सिंह जैसे लोग नौकरी छोड़कर लाखों कमा रहे हैं। सरकारी योजनाओं और आधुनिक तकनीकों से यह व्यवसाय तेजी से बढ़ रहा है।

मछली उत्पादन की जानकारी देते मछली उत्पादक प्रगतिशील किसान पवन सिंह (बाएं)। सौ. स्वयं
HighLights
जिले के 850 पट्टे के तालाबों में 565.570 हेक्टेयर क्षेत्रफल पर उत्पादन, एक हजार से अधिक किसान और युवा जुड़े
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। खेती के साथ तालाब भी किसानों की आमदनी बढ़ाने का जरिया बन रहे हैं। मछली पालन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है। जिले में 850 पट्टे के तालाबों में 565.570 हेक्टेयर क्षेत्रफल पर मछली उत्पादन हो रहा है। इसके अलावा 80 से 90 निजी तालाबों में भी मत्स्य पालन हो रहा है।
एक हजार से अधिक किसान और युवा इस कारोबार से जुड़े हैं। रोहू समेत विभिन्न प्रजातियों की मछलियां स्थानीय बाजार समेत दिल्ली की गाजीपुर और काशीपुर मंडी तक भेजी जा रही हैं।
विश्व मत्स्य दिवस 21 नवंबर पर मत्स्य पालन और जलीय कृषि में युवाओं व महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। जिले में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मोती संवर्धन योजना और एरेशन सिस्टम लगाने जैसी योजनाएं संचालित हैं।
पात्र लाभार्थियों को योजना के अनुसार 40 से 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। मोती संवर्धन के लिए दो हजार, पांच हजार और 15 हजार सीप क्षमता की इकाइयां स्थापित करने का विकल्प है।
दो लाख से दस हजार रुपये की परियोजनाओं पर 40 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान बताया गया है। मत्स्य पालन में प्रदूषण, घटता जलस्तर और पानी की गुणवत्ता बड़ी चुनौती हैं।
तालाब में पर्याप्त पानी और आक्सीजन बनाए रखना जरूरी है। ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक मनोज कुमार के अनुसार, तालाब में डेढ़ से दो मीटर पानी होना चाहिए।
समय-समय पर पीएच की जांच, पानी की सफाई और आक्सीजन संतुलन के लिए एरेशन सिस्टम का इस्तेमाल जरूरी है। तापमान बढ़ने पर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। इससे मछलियों की वृद्धि और उत्पादन बेहतर होता है।
नौकरी छोड़ी, खेती और मछली पालन से बनाई पहचान
आलियाबाद के पवन सिंह ने इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़कर खेती और मत्स्य पालन को आजीविका बनाया। उन्होंने एक हेक्टेयर जमीन पर तालाब बनाकर मछली पालन शुरू किया।
साथ ही आम और अमरूद का बाग भी लगाया। अब खेती, बागवानी और मत्स्य पालन से उन्हें आमदनी के अलग-अलग स्रोत मिल रहे हैं। उनका मानना है कि आधुनिक तकनीक अपनाकर किसान बेहतर कमाई कर सकते हैं।
17 साल से मछली पालन, सालाना चार लाख तक कमाई
कुरी रावाना गांव के गंगासरन 17 वर्षों से पट्टे के तालाब में विभिन्न प्रजातियों की मछलियों का पालन कर रहे हैं। इससे उन्हें सालाना तीन से चार लाख रुपये की आमदनी होती है।
तालाब की मछलियां आसपास के गांवों में बिकती हैं। इसके अलावा मंडियों में भी भेजी जाती हैं। उनके अनुसार, अनुभव और बाजार की मांग की समझ से मछली पालन अच्छा रोजगार बन सकता है।
जिले में किसानों और युवाओं का रुझान मत्स्य पालन की ओर बढ़ रहा है। आधुनिक तकनीक से मछली उत्पादन कर लोग अपनी आर्थिक स्थिति सुधार रहे हैं। विभाग की ओर से पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी और अनुदान का लाभ दिलाकर इस व्यवसाय को बढ़ावा दिया जा रहा है।
- गणेश प्रसाद, ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक
यह भी पढ़ें- दशकों का अनुभव भी नहीं आएगा काम? वक्फ की 2,712 संपत्तियों पर नई शर्त से मुरादाबाद के 80% मुतवल्ली फंसे