विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुरक्षा पर संकट या काम का दबाव? मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली, थकान में ट्रेन दौड़ा रहे लोको पायलट

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:46 PM (IST)

मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली होने से लोको पायलट और परिचालन कर्मचारियों पर काम का अत्यधिक दबाव है। कर्मचारियों को पर्याप्त साप्ताहिक विश्राम नहीं मिल रहा, जिससे थकान और मानसिक तनाव बढ़ रहा है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. मुरादाबाद रेल मंडल में 17000 स्वीकृत पद, सबसे ज्यादा 450 रनिंग व परिचालन में खाली

  2. लोको पायलट और परिचालन कर्मचारियों को चार के बजाय मिल रहे तीन साप्ताहिक विश्राम

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। रेलवे में कर्मचारियों की कमी का असर अब ट्रेनों के संचालन और कर्मचारियों के कार्यभार पर पड़ने लगा है। मंडल में करीब 17 हजार स्वीकृत पदों के सापेक्ष लगभग 1500 पद खाली हैं। इनमें सबसे ज्यादा कमी रनिंग और परिचालन विभाग में करीब 450 पद खाली चल रहे हैं।

कर्मचारियों की कमी के चलते मालगाड़ियों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। लोको पायलट और परिचालन से जुड़े कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का दबाव होने से साप्ताहिक अवकाश भी चार में तीन ही मिल रहे हैं।

कर्मचारी यूनियन ने रिक्त पदों को भरने और ड्यूटी के घंटे निर्धारित करने को लेकर जीएम, डिविजन से लेकर रैली व धरना, प्रदर्शन और रैली के माध्यम से मांग उठाते आ रहे हैं।

रेलवे के रनिंग स्टाफ में लोको पायलट और सहायक लोको पायलट शामिल हैं। परिचालन विभाग में स्टेशन मास्टर, प्वाइंट्समैन और गेटमैन जैसे कर्मचारी आते हैं।

इन कर्मचारियों की जिम्मेदारी सीधे ट्रेन संचालन और रेल सुरक्षा से जुड़ी होती है। यूनियन का कहना है कि पर्याप्त कर्मचारी नहीं होने से काम का दबाव बढ़ रहा है। इसका असर मालगाड़ियों के संचालन पर भी पड़ता है।

चार की जगह मिल रहे तीन साप्ताहिक विश्राम

यूनियन के मुताबिक रेलवे के दूसरे विभागों में कर्मचारियों को निर्धारित साप्ताहिक विश्राम मिलता है, लेकिन रनिंग और परिचालन कर्मचारियों को चार विश्राम मिलने चाहिए, जबकि उन्हें केवल तीन ही मिल पा रहे हैं।

लगातार ड्यूटी और पर्याप्त आराम नहीं मिलने से कर्मचारियों में थकान और मानसिक तनाव बढ़ रहा है। ट्रेन चलाने वाले कर्मचारियों के मामले में यह स्थिति यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय है।

कंप्यूटर प्रणाली से भी बढ़ रही परेशानी

कर्मचारियों ने ड्यूटी लगाने की कंप्यूटर प्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि कंप्यूटर किसी कर्मचारी की गाड़ी बुक नहीं करता है तो उसमें एनटीबी (नाट ट्रेन बुक) प्रदर्शित होता है।

ऐसी स्थिति में संबंधित कर्मचारी की गाड़ी सुबह छह बजे के बाद लगाई जानी चाहिए, लेकिन आरोप है कि कई बार दो घंटे बाद ही उसकी ड्यूटी लगा दी जाती है। इससे विश्राम के निर्धारित समय को लेकर भी परेशानी होती है।

यूनियन ने उठाई रिक्त पद भरने की मांग

कर्मचारियों की कमी के बीच उनसे लगातार काम लिया जा रहा है। यूनियन की मांग है कि सभी रिक्त पदों पर भर्ती की जाए और रनिंग व परिचालन कर्मचारियों के ड्यूटी घंटे निर्धारित किए जाएं। पर्याप्त विश्राम सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव न पड़े। - जय कुमार, सचिव, उरमू

थके हुए और मानसिक तनाव में काम करने वाले ट्रेन चालकों से दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। इसलिए कर्मचारियों की समस्या को केवल कार्यभार का मामला न मानकर रेल सुरक्षा से जोड़कर देखा जाना चाहिए। इस समस्या को जीएम, डिविजन स्तर पर कई बार उठा चुके हैं। - सुहेल खालिद, अध्यक्ष, नरमू

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद के इस सरकारी स्कूल में एक साल से 'प्यासे' हैं 228 बच्चे, स्मार्ट सिटी की बोरिंग उगल रही गंदा पानी

यह भी पढ़ें- न प्रमोशन मिला, न समायोजन... मुरादाबाद में गुपचुप तरीके से पूरी कर दी गई 367 पदों पर आंगनबाड़ी भर्ती!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।