विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद: न रिफ्लेक्टर न कोई नियम, सड़कों पर माैत बनकर दौड़ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:48 AM (IST)

मुरादाबाद में बिना रिफ्लेक्टर और ओवरलोड गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हादसों का कारण बन रही हैं, खासकर कोहरे में ये जानलेवा साबित हो सकती हैं।

सड़कों पर दौड़ती गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली। जागरण

सड़कों पर दौड़ती गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली। जागरण

HighLights

  1. बिना रिफ्लेक्टर और ओवरलोड गन्ना ट्रॉलियां बढ़ा रहीं हादसों का खतरा

  2. कोहरे में ये असुरक्षित ट्रॉलियां बन रही हैं जानलेवा

  3. सुरक्षा नियमों के सख्त पालन की स्थानीय लोगों की मांग

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सड़कों पर बिना रिफ्लेक्टर और सुरक्षा मानकों के दौड़ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हादसों को न्योता दे रही हैं। रोजाना करीब दो हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों से गुजरती हैं, लेकिन अधिकांश पर न तो रिफ्लेक्टर लगे हैं और न ही यातायात नियमों का पालन किया जा रहा है। खासकर कोहरे के मौसम में ये ट्रालियां दूसरे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं।

पीछे से आने वाले वाहन चालकों को अंधेरे और धुंध में ट्रॉलियां दिखाई नहीं देतीं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। हैरानी की बात यह है कि प्रतिबंध के बावजूद सड़कों पर ट्राले बेरोकटोक दौड़ रहे हैं और हादसों का कारण बन रहे हैं। वहीं, यातायात माह मनाने के नाम पर जागरूकता के दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन सड़कों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नजर नहीं आ रहे।

ठाकुरद्वारा में रोजाना गुजरते है 100 से अधिक गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली

नगर और क्षेत्र के हाईवे पर गन्ने से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, छकड़े और ट्रक हादसों को दावत दे रहे हैं। क्षमता से अधिक गन्ना लादकर चलने वाले इन वाहनों से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आए दिन जाम लग रहा है। कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर तक नहीं लगे हैं। ऊंचाई तक भरे गन्ने के असंतुलित भार से वाहन पलटने का खतरा बना रहता है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार, प्रतिदिन 100 से अधिक गन्ना लदे वाहन इन मार्गों से गुजरते हैं। सड़कों पर गहरे गड्ढे और रात में रिफ्लेक्टर की कमी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है।

हाईवे पर दौड़ रहे ओवरलोड गन्ना वाहन, हादसों का खतरा

चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होते ही मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर ओवरलोड गन्ना वाहनों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन करीब 300 ट्रालियां और 50 से 60 ट्रॉले गन्ना लेकर बिलारी चीनी मिल पहुंच रहे हैं। कई वाहनों में गन्ना कई फीट तक बाहर निकला रहता है। वहीं, तमाम वाहन बिना रिफ्लेक्टर के दौड़ रहे हैं। सर्दी में कोहरे के दौरान ऐसे वाहन हादसों का कारण बन सकते हैं। गन्ना बाहर निकला होने से ओवरटेक करने में भी छोटे वाहनों को परेशानी होती है। अचानक गन्ना गिरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रोजाना 350 से 360 वाहनों की आवाजाही को देखते हुए हाईवे पर ओवरलोडिंग की जांच और निगरानी जरूरी है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में रोडवेज की ट्रैक्टर-ट्रॉला से भिड़ंत: मां बेटे, शिक्षिका समेत चार की मौत 

ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से रिफ्लेक्टर गायब

मुरादाबाद-अलीगढ़ राजमार्ग पर बिना रिफ्लेक्टर के गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और ट्रॉले हादसों को दावत दे रहे हैं। वाहनों में लदा गन्ना दोनों ओर काफी बाहर निकला रहता है, जिससे सड़क पर अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है। रात के अंधेरे में बिना रिफ्लेक्टर के इन वाहनों की पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्र में 60 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां प्रतिदिन बिलारी की ओर संचालित होती हैं।

थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। साथ ही गन्ना सेंटर संचालकों को जागरूक कर नियमों का पालन कराया जाएगा।

ओवरलोड गन्ना लदी ट्रॉलियां बढ़ा रहीं हादसों का खतरा

तहसील कांठ क्षेत्र में गन्ने से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हादसों का कारण बन रही हैं। छजलैट-अगवानपुर और कांठ-छजलैट मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों ट्रॉलियां गुजरती हैं। इनमें गन्ना दोनों ओर काफी बाहर निकला रहता है। वहीं, आगे-पीछे रिफ्लेक्टर नहीं होने से रात में कोहरे के दौरान हादसों का खतरा बढ़ जाता है। अगवानपुर दीवान शुगर मिल चालू होने से ट्रालियों की संख्या बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों ने यातायात पुलिस से ओवरलोडिंग पर रोक लगाने, सभी ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर लगवाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- कौन हैं एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर? जो अयोध्या के बाद अब संभालेंगे मुरादाबाद की कमान

ओवरलोड गन्ने के ट्राले दे रहे हादसों को दावत

त्रिवेणी शुगर मिल रानी नागल का पेराई सत्र शुरू होते ही सड़कों पर ओवरलोड गन्ने के ट्राले दौड़ने लगे हैं। डिलारी-करनपुर मार्ग से प्रतिदिन करीब 40 ट्रॉले गुजरते हैं, जिनमें गन्ना बाडी से बाहर तक लदा रहता है। इससे सड़क हादसों का खतरा बना हुआ है। ट्रॉले पलटने से यातायात भी बाधित होता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और मिल प्रबंधन से मानकों के अनुसार गन्ना भरवाने तथा ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।