Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, लंदन व दिल्ली में बेटे; मदर्स डे पर फ्लैट में अकेली बुजुर्ग मां ने तोड़ा दम

    Updated: Sun, 11 May 2025 11:22 PM (IST)

    Mother Died on Mothers Day पुलिस के अनुसार वर्ष 2014 में पति सतपाल सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। दो बेटे दीपक चौधरी व संजीव चौधरी और बेटी मंजुला हैं। दीपक लंदन में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। संजीव दिल्ली में परिवार के साथ रहते हैं। शादी के बाद से बेटी नोएडा में रहती हैं।

    Hero Image
    Mother Died on Mother's Day : 70 वर्षीया अनीता

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : मां, एक शब्द नहीं दुनिया है। मां के बिना दुनिया की हर खुशी बेकार हैं। जीवन में अधूरापन है। मातृ दिवस के अवसर पर मां की करूणा, वात्सल्यता व दुलार की कहानियों से इंटरनेट मीडिया भरा पड़ा है। इस बीच शहर के दिल्ली रोड पर पार्श्वनाथ अपार्टमेंट से मन को विचलित कर देने वाली घटना सामने आई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मदर्स डे पर यहां फ्लैट में अकेली रह रही एक बुजुर्ग मां ने दम तोड़ दिया। अंतिम समय में उनकी बात सुनने वाला कोई ना था। एक बेटा लंदन में तो दूसरा दिल्ली में है। मातृ दिवस पर बेटी ने फोन किया तो कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर रिश्तेदार गए और दरवाजा टूटा। तब पता चला मां नहीं रहीं। बेटों तक जानकारी पहुंची। दिल्ली से दूसरा बेटा व बेटी आए। लंदन से बड़े बेटे ने वीडियो काल से मां को अंतिम विदाई दी। पोस्टमार्टम में बीमारी से मौत की बात सामने आई है।

    मूलरूप से पाकबड़ा के मौढ़ा तैय्या की 70 वर्षीया अनीता पार्श्वनाथ अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर ए-305 पर अकेली रहती थीं। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2014 में पति सतपाल सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। दो बेटे दीपक चौधरी व संजीव चौधरी और बेटी मंजुला हैं। दीपक लंदन में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। संजीव दिल्ली में परिवार के साथ रहते हैं। शादी के बाद से बेटी नोएडा में रहती हैं।

    बेटी मंजुला ने रविवार सुबह मातृ दिवस पर मां से बात करने के लिए फोन किया, मगर फोन रिसीव नहीं हुआ। कई काल के बाद जब यह स्थिति बनी, तब घबराई बेटी ने तुरंत ही गुरैठा में रहने वाले मामा के घर फोन किया।

    मामा की पुत्रवधू नीतू फ्लैट पहुंचीं। दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने जानकारी अन्य रिश्तेदारों को दी। बेटी व बेटों को फोन किया। अपार्टमेंट में सभी तक बात पहुंची।

    मझोला थाना प्रभारी आरपी शर्मा भी पहुंच गए। कारपेंटर बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया। अंदर अनीता मृत अवस्था में पड़ीं थीं। उनके हाथ के पास ही फर्श पर टीवी का रिमोट पड़ा था। कुछ ही दूरी पर मोबाइल रखा हुआ था। फोरेंसिक टीम से घटनास्थल की फोटोग्राफी कराई गई।

    पड़ोसियों ने बताया कि अनीता अपना काम स्वयं करती थीं। सुबह और शाम के समय अक्सर टहलती थीं। शनिवार की शाम उन्हें फ्लैट के सामने टहलते हुए देखा गया था। इधर, बेटा और बेटी भी घर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मां डायबिटीज की मरीज थीं। बेटी मंजुला ने बताया कि मां की दोनों बेटों व उनसे रोज बात होती थीं। सीओ कुलदीप गुप्ता ने बताया कि दरवाजा कारपेंटर से खुलवाया गया था। अंदर सबकुछ व्यवस्थित था। पोस्टमार्टम में बुजुर्ग की बीमारी से मौत की बात  सामने  आई  है।