विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में शिक्षकों को नया स्कूल ज्वाइन करने का आज आखिरी मौका, निलंबन तय; नवंबर के वेतन पर भी संकट

Published: Mon, 30 Nov 2026 12:08 AM (IST)

मुरादाबाद में समायोजन के बाद भी नए स्कूल ज्वाइन न करने वाले 30 शिक्षकों को आज अंतिम मौका दिया गया है।  

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. समायोजन के बाद 30 शिक्षकों ने नए स्कूल ज्वाइन नहीं किए।

  2. आज अंतिम मौका, देरी से ज्वाइन करने पर वेतन नहीं मिलेगा।

  3. न ज्वाइन करने पर शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। समायोजन की नई सूची जारी होने के बाद भी जिले में 30 शिक्षक अपने नये स्कूल नहीं पहुंच सके हैं। निदेशालय से जारी आदेश के तहत नए विद्यालयों में ज्वाइन नहीं करने वाले इन शिक्षकों पर अब कार्रवाई की तैयारी है। विभाग की ओर से इन्हें सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने का अंतिम मौका दिया गया है। देरी से ज्वाइन करने पर भी इन्हें इस दिन ज्वाइन करने पर भी नवंबर का वेतन जारी नहीं होगा। वहीं इसके बाद भी नए विद्यालयों में नहीं पहुंचे तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

जिले में संचालित 1,409 विद्यालयों में करीब 64 विद्यालय ऐसे हैं, जहां छात्रसंख्या अधिक होने के बावजूद एक ही शिक्षक कार्यरत है। ऐसे में विभागीय कार्यों और शिक्षण को व्यवस्थित करने के लिए विभाग ने ऐसे विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था पूरी करने के उद्देश्य से समायोजन किया गया था। दो बार समय देने के बाद भी चिह्नित शिक्षक नये स्कूल नहीं पहुंचे।

ज्वाइनिंग नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ विभाग ने सख्ती का निर्णय लिया है। समायोजन की प्रक्रिया चलते हुए छह माह पूरे हो चुके हैं। इसके बावजूद जिले में एकल और बंद पड़े विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी है। एक माह पूर्व जिन शिक्षकों को समायोजित किया गया उन्होंने नये स्कूल ज्वाइन नहीं किए।

समायोजन के तहत 48 शिक्षकों को नए विद्यालयों में भेजा गया, लेकिन उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। पहले शिक्षकों को दीपावली तक ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए थे। त्योहार के चलते समयसीमा बढ़ाकर 30 नवंबर की गई, इसके बावजूद 30 शिक्षक नए विद्यालयों में नहीं पहुंचे।

जून में 186 शिक्षक मिले थे सरप्लस

विद्यालयों में छात्र संख्या के आधार पर जिले में लगभग 186 शिक्षक सरप्लस मिले थे। विभाग की ओर से ऐसे शिक्षकों की सूची बनाकर शासन को भेजी गई थी। विभाग की ओर से सभी मानकों के बाद 48 शिक्षकों का समायोजन ऐसे विद्यालयों में कराया गया है जहां शिक्षकों की कमी है। लेकिन शिक्षकों को नया विद्यालय मिलने के बाद भी पुराने से मोह खत्म नहीं हो पा रहा है। ऐसे में जिले में विभाग के आदेश के बाद भी इन शिक्षकों ने नया स्कूल ज्वाइन नहीं किया है।

सोमवार को नए विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों का नवंबर का वेतन निर्गत नहीं किया जाएगा। इसके बाद भी ज्वाइन नहीं करने वालों के खिलाफ अपर मुख्य सचिव के आदेश के अनुसार निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

-अमित सिंह, बीएसए।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: न रिफ्लेक्टर न कोई नियम, सड़कों पर माैत बनकर दौड़ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली

यह भी पढ़ें- शिक्षिका दीपिका का शव घर पहुंचते ही मचा चीत्कार, घर में इकलौते कमाने वाले थे लोकेंद्र जोशी; मुरादाबाद हादसे ने छीना सहारा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।