विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में मुरादाबाद फिसला, रामपुर ने बनाई जगह, संभल-अमरोहा को झटका

Published: Sun, 11 Oct 2026 04:34 PM (IST)

सीएम डैशबोर्ड की सितंबर रैंकिंग में मुरादाबाद के अंक बढ़ने के बावजूद उसकी प्रदेशव्यापी रैंक 26वें से खिसककर 28वें स्थान पर आ गई।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मुरादाबाद के अंक बढ़े, फिर भी रैंकिंग में दो पायदान की गिरावट।

  2. रामपुर ने सीएम डैशबोर्ड पर अपनी पांचवीं रैंक बरकरार रखी।

  3. संभल और अमरोहा की रैंक में 27-27 पायदान की गिरावट।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सीएम डैशबोर्ड पर जिलों की फ्लैगशिप योजनाओं की रैंकिंग में मुरादाबाद के अंक तो बढ़े, लेकिन प्रदेश में उसकी स्थिति कमजोर हुई है।

अगस्त के मुकाबले सितंबर में मुरादाबाद के अंक 9.02 से बढ़कर 9.26 हो गए, इसके बावजूद रैंकिंग में दो पायदान की गिरावट दर्ज की गई। अगस्त में 75 जिलों में 26वें स्थान पर रहा मुरादाबाद सितंबर में 28वें स्थान पर पहुंच गया। इससे साफ है कि अंकों में सुधार के बावजूद दूसरे जिलों की तुलना में प्रदर्शन बेहतर बनाने की चुनौती बनी हुई है।

सीएम डैशबोर्ड की सितंबर की रैंकिंग के अनुसार, मुरादाबाद के प्रदर्शन में 0.24 अंक का सुधार हुआ है। इसके बावजूद प्रदेश स्तर पर उसकी रैंक खिसक गई। मंडल के जिलों में रामपुर का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। रामपुर ने अगस्त में पांचवीं रैंक हासिल की थी और सितंबर में भी इसी स्थान पर बना रहा। उसके अंक 9.29 से बढ़कर 9.54 हो गए।

संभल 71वीं रैंक पर पहुंचा

संभल की स्थिति में गिरावट दर्ज की गई। अगस्त में 44वीं रैंक पर रहा संभल सितंबर में 71वीं रैंक पर पहुंच गया। उसके अंक 8.88 से घटकर 8.72 रह गए। यानी अंकों में 0.16 की कमी के साथ उसकी रैंक 27 पायदान नीचे गई।

अमरोहा के अंक भी 9.04 से मामूली गिरावट के साथ 9.03 पर आ गए, जबकि उसकी रैंक 23 से खिसककर 50वीं हो गई। इस तरह अमरोहा की रैंक में भी 27 पायदान की गिरावट दर्ज की गई।

दोनों जिलों के अंकों और रैंक में बदलाव से स्पष्ट है कि उनका प्रदर्शन सुधरने के बजाय कमजोर हुआ है। इसके विपरीत बिजनौर ने सुधार किया। उसके अंक 8.71 से बढ़कर 8.94 हो गए और रैंक 58 से सुधरकर 57वीं हो गई। मंडल का औसत स्कोर भी 8.99 से बढ़कर 9.10 हो गया।

कुल मिलाकर मंडल के औसत अंकों में सुधार के बावजूद जिलों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर सामने आया है। मुरादाबाद के लिए चुनौती अब अंकों में बढ़ोतरी के साथ प्रदेश की रैंकिंग में भी सुधार दर्ज कराने की है।

यह भी पढ़ें- सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में 22 मानकों पर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस आई अव्वल

यह भी पढ़ें- सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में रामपुर 25वीं बार प्रदेश में प्रथम, 50 बिंदुओं पर कार्रवाई के आधार पर तय होती है Ranking