दो राज्यों की पुलिस भी मिलकर नहीं सुलझा पाई ये 'ब्लाइंड मर्डर', 14 माह से इंसाफ को तरस रहा परिवार; अब FR लगाने की तैयारी
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में फूलवती हत्याकांड के आरोपित 14 माह बाद भी नहीं पकड़े गए, जिससे परिवार इंसाफ के लिए तरस रहा है। पुलिस अब इस ब्लाइंड मर्डर केस में एफआर लगाने की तैयारी में है, जबकि क्राइम ब्रांच भी आरोपितों का सुराग नहीं लगा पाई।

एआई इमेज
HighLights
23 सितंबर वर्ष 2025 को ठाकुरद्वारा में की गई थी फूलवती की हत्या
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले में कई अन्य मामलों की तरह ठाकुरद्वारा के एक परिवार बीते 14 माह से इंसाफ का इंतजार कर रहा है। रेडीमेड गारमेंट्स संचालक की मां फूलवती हत्याकांड के आरोपितों को थाना पुलिस से लेकर क्राइम ब्रांच आज तक नहीं पकड़ पाई है। करीब पांच माह से इस मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच की टीम भी आरोपितों को पकड़ना तो दूर क्लू तक भी नहीं तलाश पाई है।
ऐसे में पुलिस ने अब आरोपितों की तलाश के प्रयास भी बंद कर दिए है। परिवार आज भी पुलिस से उम्मीद लगाए बैठा है कि आरोपित गिरफ्तार होंगे, लेकिन उनकी उम्मीदों पर खरा उतरती हुई नजर नहीं आ रही है।
अब पुलिस ने इस मामले में एफआर लगाने की तैयारी कर ली है। महिला की लूट के बाद 23 सितंबर वर्ष 2025 को हत्या की थी। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव कालेवाला माधोवाला निवासी फूलवती 23 सितंबर वर्ष 2025 को बेटे मनोज कुमार के पास ठाकुरद्वारा आ रही थी।
वह रास्ते से गायब हो गई थी। पांच दिन बाद उनका शव सड़ी गली हालत में गांव कमालपुरी खालसा की नहर के पास मिला था। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
एसएसपी ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, कोतवाली पुलिस समेत कई टीमों को लगाया था। पुलिस ने 100 से अधिक मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई।
इसके अलावा 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन इसके बाद पुलिस आरोपितों तक नहीं पहुंच पाई। उधर पीड़ित परिवार लगातार आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग करता रहे। जुलाई माह में एसएसपी ने पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी।
क्राइम ब्रांच ने भी कुछ दिनों तक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली तो अब क्राइम ब्रांच टीम ने भी इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब पुलिस की जांच को देखकर ऐसा लगता है कि अन्य कई मामलों की तरह यह हत्याकांड भी फाइलों में ही कैद होकर रह जाएगा।
महिला की हत्या करने वाले खुले में घूमते रहेंगे और पीड़ित परिवार को यह पता नहीं चलेगा कि हत्यारोपित कौन है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि आरोपितों की तलाश चल रही है।
दोनों प्रदेशों की पुलिस की दस टीमें की गई थी गठित
जिस समय फूलवती की हत्या हुई थी उसी दौरान जसपुर क्षेत्र के मुरलीवाला में ओमवती की हत्या हुई थी। जब मुरादाबाद की पुलिस को उस हत्याकांड की पता चला तो पुलिस अधिकारियों ने जसपुर की पुलिस से संपर्क कर जानकारी मांगी।
दोनों हत्या के मामलों में काफी समानताएं थी। उस समय पुलिस ने बताया कि था कि दोनों महिलाओं की उम्र करीब 65 वर्ष थी। दोनों ही घर से निकली थीं। दोनों के साथ घटना को अंजाम ऐसी जगह दिया गया था। जहां पर सुनसान क्षेत्र था।
सीसीटीवी कैमरे लगे हुए नहीं थे। दोनों के ही शव साड़ी में लिपटे मिले थे। ऐसे में पुलिस ने मान लिया था दोनों महिलाओं की हत्या करने वाले आरोपित एक है। इसके बाद दोनों जगह की दस पुलिस टीमों के साथ एसओजी टीम को भी आरोपितों को पकड़ने के लिए लगाया गया था।
परिवार करता रहा मांग, मिलता रहा आश्वासन
फूलवती का परिवार घटना के बाद से ही आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहा है। जब भी परिवार पुलिस से मिलता तो पुलिस परिवार को सिर्फ आश्वासन दे देती।
जुलाई माह तक जब आरोपित नहीं पकड़े गए तो परिवार मुरादाबाद आकर एसएसपी से मिला था। इसके बाद एसएसपी ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी, लेकिन क्राइम ब्रांच भी कुछ नहीं कर पाई।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद के KGK कॉलेज में छात्रा से छेड़छाड़ मामला गर्माया, अब 9 सदस्यीय समिति करेगी जांच; आरोपी पर बढ़ेंगी धाराएं
यह भी पढ़ें- सुरक्षा पर संकट या काम का दबाव? मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली, थकान में ट्रेन दौड़ा रहे लोको पायलट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।