विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद के KGK कॉलेज में छात्रा से छेड़छाड़ मामला गर्माया, अब 9 सदस्यीय समिति करेगी जांच; आरोपी पर बढ़ेंगी धाराएं

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:46 PM (IST)

मुरादाबाद के केजीके कॉलेज में छात्रा से छेड़छाड़ मामले में कॉलेज स्तर पर आंतरिक शिकायत समिति ने जांच शुरू कर दी है। यह समिति सोमवार तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जबकि पुलिस ने भी मामले में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाने की बात कही है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. पुस्तकालय में किताब जारी कराने गई छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में हो चुका मुकदमा दर्ज

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। केजीके काॅलेज में छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में अब काॅलेज स्तर पर भी जांच शुरू हो गई है। प्राचार्य ने प्रकरण की जांच आंतरिक शिकायत समिति को सौंप दी है। समिति पीड़ित छात्रा और आरोपित पुस्तकालय कर्मचारी के बयान दर्ज करेगी। सोमवार तक जांच पूरी कर रिपोर्ट प्राचार्य को सौंपने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद समिति की रिपोर्ट के आधार पर काॅलेज प्रशासन आगे कार्रवाई करेगा।

मामला 23 नवंबर का है। आरोप है कि काॅलेज के पुस्तकालय में किताब जारी कराने पहुंची छात्रा के साथ पुस्तकालय कर्मचारी धर्मेंद्र त्यागी ने छेड़छाड़ की। छात्रा ने इसका विरोध किया, लेकिन कर्मचारी की हरकतें जारी रहीं।

परेशान होकर छात्रा वहां से भागकर एकाउंटेंट अजय कपूर के पास पहुंची थी और उन्हें पूरी घटना बताई। इस पर एकाउंटेंट ने आरोपित कर्मचारी को फटकार लगाई थी। छात्रा ने घर पहुंचकर स्वजन को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजनों की ओर से मझोला थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस में मुकदमा दर्ज होने के साथ ही काॅलेज प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है।

प्राचार्य की ओर से आरोपित कर्मचारी धर्मेंद्र त्यागी को नोटिस जारी किया गया है। इसमें उसे आंतरिक शिकायत समिति के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने और बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

समिति में तीन महिला और दो पुरुष प्रोफेसरों के अलावा एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और तीन छात्राओं को शामिल किया गया है। शुक्रवार को कालेज में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। पुस्तकालय में पढ़ाई और किताबें जारी कराने के लिए बड़ी संख्या में छात्राएं पहुंचती हैं।

ऐसे में घटना को लेकर छात्राओं में नाराजगी भी है। छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब समिति की जांच में यह स्पष्ट होगा कि आरोपित कर्मचारी के खिलाफ कालेज स्तर पर क्या कार्रवाई की जाएगी।

प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि आंतरिक शिकायत समिति को जांच सौंपी गई है। सोमवार तक पीड़ित छात्रा और आरोपित कर्मचारी के बयान दर्ज कर समिति रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सीओ करेंगे जांच, बढ़ेंगी धारा

केजीके कालेज में छात्रा से छेड़छाड़ प्रकरण में अब जांच सीओ सिविल लाइंस करेंगे। छात्रा अनुसूचित जाति की है। ऐसे में प्राथमिकी में एससीएसटी एक्ट की धारा बढ़ाई जाएगी। सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- सुरक्षा पर संकट या काम का दबाव? मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली, थकान में ट्रेन दौड़ा रहे लोको पायलट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।