विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन थी वो अभागन? एक साल बाद भी 'गुमनाम' है पाकबड़ा में मिला शव, 3 विवेचक बदले पर नहीं खुला कत्ल का राज

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:11 PM (IST)

मुरादाबाद के पाकबड़ा में एक साल पहले मिली अज्ञात महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी, जिसकी पहचान आज तक नहीं हो पाई है। तीन विवेचक बदलने के बावजूद यह मामला अनसुलझा है, जिससे हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. 24 अक्टूबर वर्ष 2025 को महिला की हत्या कर पाकबड़ा में फेंका गया था शव, शव की पहचान कराने में रहे नाकाम

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। किसी भी बड़े मामले में खानापूर्ति करने वाली मुरादाबाद पुलिस कई मामलों में इंसाफ नहीं दिला पाई है। इसी में एक मामला हत्या से जुड़ा है। एक साल एक माह पहले हत्या करके पाकबड़ा में हाईवे से ओवरब्रिज के नीचे फेंके गए महिला के शव की पुलिस अब तक पहचान नहीं करा पाई है।

इसी के चलते महिला कौन थी और उसकी किसने हत्या की यह पहेली बनकर रह गया है। शुरुआत में कुछ दिनों तक पुलिस ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से महिला की पहचान का प्रयास किया।

मगर, बाद में मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। नतीजा यह है कि महिला को मौत के घाट उतारने वाले आरोपित अब खुलेआम घूम रहे हैं। हालांकि फाइलों में बीते एक साल में तीन विवेचक बदल गए।

24 अक्टूबर वर्ष 2025 की सुबह थी। पाकबड़ा में ओवरब्रिज के नीचे एक महिला का शव पड़ा हुआ था। लोगों की भीड़ जुटी। पुलिस पहुंची। शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में महिला की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई।

मामला हत्या से जुड़ा तो पुलिस ने पहचान करने का प्रयास करने की बात कहते हुए आसपास के जनपदों की पुलिस से संपर्क किया। किसी ने भी महिला को नहीं पहचाना।

खानापूर्ति कागजों में करनी थी तो महिला के फोटो रोडवेज बस अड्डा समेत रेलवे स्टेशन समेत कई जगह चस्पा किए। समय बीतता गया। शुरुआत में जिस विवेचक को विवेचना मिली उनका स्थानांतरण हो गया।

दूसरे विवेचक को विवेचना मिली उन्होंने भी फाइल को दबाए रखा। महिला के शव का अंतिम संस्कार भी हो चुका था। अधिकारियों का दबाव भी कम हुआ तो मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

थाने के रजिस्टर में आज भी यह दर्ज है कि एक महिला का शव मिला, लेकिन वह कौन थी यह आज तक पता नहीं चला। सीओ वरुण कुमार ने बताया कि पुलिस ने आसपास के प्रदेशों की पुलिस से भी संपर्क किया। फोटो दिखाया, लेकिन कोई पहचान नहीं पाया। अब भी महिला के पहचान के प्रयास पुलिस कर रही है।

थाने से नहीं निकली पुलिस, सिर्फ कागजों में दौड़ती रही कार्रवाई

महिला की पहचान कराने के प्रयास में शुरुआत से लापरवाही बरती गई। पुलिस ने हाईटेक युग का प्रयोग किया। आसपास के जनपदों के थानों की पुलिस को फोटो। पता किया कि कोई महिला की गुमशुदगी तो दर्ज नहीं है।

करीब 20 थानों की पुलिस से फोन से संपर्क हुआ, लेकिन किसी ने भी पहचानने से इन्कार कर दिया। यह पूरी प्रक्रिया मोबाइल फोन से चलती रही। जबकि यह पहले ही स्पष्ट हो गया था कि महिला आसपास के जनपदों की नहीं है।

अगर पुलिस थाने से निकलकर दिल्ली, हरियाणा समेत आसपास के प्रदेशों में जाकर प्रयास करती तो शायद महिला की पहचान हो जाती और हत्या करने वाले आरोपित जेल में होते।

यह भी पढ़ें- सुरक्षा पर संकट या काम का दबाव? मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली, थकान में ट्रेन दौड़ा रहे लोको पायलट

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद के इस सरकारी स्कूल में एक साल से 'प्यासे' हैं 228 बच्चे, स्मार्ट सिटी की बोरिंग उगल रही गंदा पानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।