Moradabad: शादी में फेरे के समय रसोई गैस सिलिंडर हुआ लीक, 12 लोग झुलसे; मचा हड़कंप
मुरादाबाद में रसोई में रखा गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। इस हादसे में 12 से अधिक लोग झुलस गए। अचानक आग लगने से घर में हड़कंप मच गया। जिसने भी आग बुझाने का प्रयास किया वही चपेट में आ गया।

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। मूंढापांडे के लालपुर तितरी गांव में विवाह के दौरान रसोई में रखा गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। इस हादसे में 12 से अधिक लोग झुलस गए। अचानक आग लगने से घर में हड़कंप मच गया। जिसने भी आग बुझाने का प्रयास किया, वही चपेट में आ गया। हादसे में वर-वधू दोनों पक्ष के गंभीर रूप झुलसे लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।
दुल्हन की बहन की गंभीर हालत होने पर दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लालपुर तितरी गांव में उमेश सिंह ने अपनी बेटी रेनू की कुंदरकी के बसेरा खास गांव निवासी रिंकू के साथ तय की थी। सोमवार को गांव में धूम-धाम से बारात आई थी। जयमाला के बाद सुबह चार बजे वर-वधू के शादी के फेरे ले रहे थे।
गैस लीक बना आग का कारण
इसी दौरान सुबह करीब साढ़े चार बजे दीपक जलाने की रस्म को पूरा करना था। दुल्हन की बहन मीनू रसोई में जाकर दीपक जलाने लगी, तभी अचानक से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी जद में ले लिया। आग से घर के साथ ही दहेज का रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।
फोटोग्राफर समेत कई झुलसे
आग बुझाने के प्रयास में लड़की के पिता उमेश, बाबा नेत्रपाल, बुआ गुड्डू व फोटोग्रॉफर झुलस गया। इसके साथ ही लड़का पक्ष के नरेश पाल के साथ ही दूल्हा रिंकू भी आग की चपेट में आने से झुलस गया। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। लगभग 12 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिसमें दुल्हन की बहन मीनू की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी दीपक मलिक ने बताया कि एक युवती की गंभीर हालत है। अन्य सभी का प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।