किताब बदलने के बहाने लाइब्रेरी बुलाया, फिर की अभद्रता; दहशत में छात्रा ने छोड़ा कॉलेज, 4 दिन बाद भी प्रबंधन खामोश
मुरादाबाद के केजीके कॉलेज में एक छात्रा को लाइब्रेरी कर्मचारी धर्मेंद्र त्यागी ने किताब बदलने के बहाने बुलाकर छेड़छाड़ की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने अभी तक कोई विभागीय कार्रवाई नहीं की है।

एआई इमेज
HighLights
घटना के बाद से छात्रा ने कालेज आना किया बंद, आरोपित भी नहीं पहुंचा काॅलेज
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। केजीके कालेज में कर्मचारी ने छात्रा को लाइब्रेरी में बुलाकर दुस्साहस किया। छात्रा के मुंह को हाथ से दबाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने का प्रयास किया तो धमकाने लगा। किसी तरह छात्रा भागकर शिक्षक के पास पहुंची और आपबीती बयां की। आरोपित यह देख मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने कालेज के कर्मचारी धर्मेंद्र त्यागी के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गुरुवार को पुलिस ने कालेज में पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल की। घटना के बाद से छात्रा ने कालेज जाना बंद कर दिया है।
मझोला क्षेत्र के एक मुहल्ला निवासी छात्रा केजीके कालेज में पढ़ती है। 23 नवंबर को वह कालेज गई थी। तभी लाइब्रेरी के कर्मचारी धर्मेंद्र त्यागी ने छात्रा को आवाज लगाई और किताब बदलने के लिए कहा। कर्मचारी के बुलाने पर छात्रा लाइब्रेरी में पहुंच गई।
उस समय वहां पर कर्मचारी के अलावा कोई नहीं था। तभी आरोपित ने छात्रा का मुंह हाथ से दबाया और छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा ने आरोपित को धक्का दिया तो धमकाया और बोला कि अगर विरोध किया तो कही का नहीं छोडूंगा।
छात्रा किसी तरह हिम्मत करके लाइब्रेरी से निकलकर एक शिक्षक के पास पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी। इसी आरोपित कालेज से निकल गया। जानकारी के बाद कालेज में छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया। छात्रा के अभिभावक भी पहुंच गए।
मामले को शुरुआत में दबाने का प्रयास किया, लेकिन अभिभावक कार्रवाई पर अड़ गए। मामले का शिकायती पत्र पुलिस को दिया गया।पुलिस ने आरोपित धर्मेंद्र त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई की जा रही है।
बदनामी और डर के चलते कालेज नहीं आ रही छात्रा
छात्रा के साथ हुए दुस्साहस की जानकारी कालेज स्टाप के अलावा छात्र-छात्राओं को भी हो गई है। उधर छात्रा को डर है कि आरोपित कोई और भी घटना कर सकता है। ऐसे में छात्रा घर से नहीं निकल रही है।
घटना के बाद से वह कालेज नहीं गई है। अभिभावक छात्रा को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन घटना के बाद वह दहशत में है। कालेज में इस घटना की चर्चा आम हो गई है।
घटना के चार दिन बाद भी आरोपित के खिलाफ नहीं हुई विभागीय कार्रवाई
छात्रा के साथ दुस्साहस करने वाले आरोपित के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी तो दर्ज कर ली है, लेकिन घटना के चार दिन बाद भी अभी तक विभागीय कार्रवाई नहीं हुई है।
विभागीय कार्रवाई नहीं होने के चलते तरह-तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि ऐसा क्या दबाव है कि कालेज के अंदर इस तरह का दुस्साहस करने वाले आरोपित के खिलाफ अब तक विभागीय कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
छात्रा ने इस प्रकरण को लेकर कालेज प्रशासन को कोई जानकारी या शिकायत नहीं दी है। पुलिस में कार्रवाई की गई है। मैं फिलहाल अवकाश पर हूं, लेकिन जानकारी में आया है कि कालेज में पुलिस पहुंची थी। शुक्रवार को कालेज पहुंचने के बाद पूरे मामले की जानकारी करूंगा।
- प्रो. जितेंद्र सिंह, प्राचार्य, केजीके काॅलेज
यह भी पढ़ें- सुरक्षा पर संकट या काम का दबाव? मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली, थकान में ट्रेन दौड़ा रहे लोको पायलट
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद के इस सरकारी स्कूल में एक साल से 'प्यासे' हैं 228 बच्चे, स्मार्ट सिटी की बोरिंग उगल रही गंदा पानी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।