आधार-पैन लेकर रचा बड़ा खेल: युवक के नाम पर बना दी फर्जी फर्म, कर डाला 50 करोड़ का कारोबार; अब CA समेत 3 पर FIR
मुरादाबाद में एक युवक के आधार और पैन कार्ड का फर्जी इस्तेमाल कर 50 करोड़ रुपये का जीएसटी कारोबार किया ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर मझोला पुलिस ने लिखा मुकदमा
जीएसटी फर्म चालू कर आरोपितों ने कमाई का झांसा दे किया खेल
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। फर्जी तरीके से युवक के आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर जीएसटी फर्म खोलकर आरोपितों ने 50 करोड़ का कारोबार कर लिया। खेल तब खुला जब पीड़ित बैंक खाता खुलवाने पहुंचा। बैंक की ओर से 50 करोड़ के कारोबार की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि उसके खाते में वर्तमान में 26 लाख 39 हजार 603 रुपये भी हैं।
यह सुनकर पीड़ित हैरत में पड़ गया। पीड़ित का आरोप है कि मामले की शिकायत पुलिस से की गई लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसे कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर मझोला पुलिस ने कांशीराम नगर निवासी रोहित सक्सेना, श्रेय गुप्ता खलक आक्टिव क्लाथ शोरूम व सीए अर्पित यादव के विरुद्ध धोखाधड़ी व धमकी की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।
बसंत विहार कालोनी निवासी शिवम कुमार के अनुसार, 2019 में रोहित सक्सेना से मुलाकात हुई। उस समय बेरोजगार था। तब आराोपित ने जीएसटी फर्म एवं चालू खाता खोलकर अच्छा कमाने का लालच दिया।
आरोपित के झांसे में आकर उसे आधार कार्ड, पैन कार्ड उपलब्ध करा दिया। इसके बाद आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदलवाकर अपना नंबर अपडेट करा लिया। दस्तावेजों पर 15 जुलाई 2021 को नोएडा के सेक्टर-दो स्थित पते पर शिवओम ओवरसीज नाम से फर्म का पंजीकरण कराया।
फर्म का आईडी-पासवर्ड, बैंक खाते का एटीएम और चेकबुक भी आरोपित ने अपने पास रख लिए। खाते में भी आरोपित ने अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा लिया। जिसका उसे पता भी नहीं चला।
जून 2026 में फास्ट फूड कारोबार के लिए जीएसटी नंबर लेने पहुंचा तो उसके नाम पहले से फर्म संचालित होने की जानकारी मिली। इसके बाद 13 जुलाई को एचडीएफसी बैंक पहुंचने पर पता चला कि उसके नाम से पहले से चालू खाता संचालित है।
खाते में अब तक करीब 50 करोड़ रुपये का लेनदेन हो चुका है और 26 लाख 39 हजार 603 रुपये शेष हैं। इस पर बैंक की मदद से खाते में रकम की निकासी पर रोक लगवा दी।
आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर रोहित ने उसी दिन उसके साथ गाली-गलौज कर रात करीब आठ बजे घर में घुसकर भी धमकाया। बताया कि रोहित के साथ आक्टिव क्लाथ शोरूम और बैंगिंट लेडीज बैग शोरूम के संचालक श्रेय गुप्ता और सीए अर्पित यादव भी इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल हैं।
फर्जी हस्ताक्षर से बिल जारी कर जीएसटी के नाम पर करीब 11 करोड़ 20 लाख 76 हजार रुपये का लेनदेन किए जाने का भी आरोप लगाया। प्राथमिकी लिखकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: 15 साल से वेतन को तरस रहे 60 सफाई कर्मी, अब खुली 4.81 लाख रुपये के 'गायब' होने की पोल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।