जिस IPS ने 4 घंटे में खोला था कत्ल का राज और उठाया था मृतक की बेटी की शादी का जिम्मा, अब DIG बनकर संभालेंगे मुरादाबाद की कमान
आईपीएस अधिकारी अजय कुमार साहनी डीआईजी बनकर मुरादाबाद लौट रहे हैं। कुंदरकी में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान उन्होंने 4 ...और पढ़ें

मुरादाबाद नवागत डीआईजी अजय कुमार साहनी
HighLights
कुंदरकी में तीन माह की तैनाती में अपराधियों पर कार्रवाई से बनाई थी पहचान
संवाद सूत्र, कुंदरकी (मुरादाबाद)। मुरादाबाद जिले से करीब 15 साल पुराना नाता रखने वाले आईपीएस अधिकारी अजय कुमार साहनी अब डीआईजी बनकर लौट रहे हैं। जून 2011 मे अंडर ट्रेनी के तौर पर कुंदरकी थाने की कमान संभालने वाले अजय साहनी ने करीब तीन माह के कार्यकाल में अपराधियों पर शिकंजा कसने से लेकर पुलिसकर्मियों की सुविधाओं तक कई काम किए थे।
उनके कार्यकाल की बड़ी कार्रवाइयां आज भी चर्चा में हैं। मोहल्ला कायस्थान में जाटव धर्मशाला के पास पूर्व सभासद राम सहाय की हत्या का मामला उनके कार्यकाल की सबसे चर्चित कार्रवाई रही।
राम सहाय की हत्या उनकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। हैरानी की बात यह थी कि जिस दिन हत्या हुई, उसी दिन उनकी बेटी की शादी थी। वारदात के बाद पत्नी शादी समारोह में जश्न मनाने में जुट गई।
अजय साहनी ने तेजी से जांच करते हुए महज चार घंटे में हत्याकांड का राजफाश कर पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार करा दिया। इसके बाद उन्होंने मानवीय पहल करते हुए मृतक की बेटी के विवाह का जिम्मा भी उठाया।
गोकशी के खिलाफ भी उन्होंने बड़ी कार्रवाई की थी। मोहल्ला सादात से 25 बैल और जलालपुर संपर्क मार्ग से आठ बैल बरामद किए गए थे। इस मामले में छह से अधिक आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।
वहीं नगर में सट्टे के कारोबार पर भी शिकंजा कसा था। कुंदरकी में तैनाती के दौरान छह जुलाई 2011 को मैनाठेर थाना क्षेत्र के असालतनगर बघा गांव में पुलिस दबिश के बाद हालात बिगड़ गए थे।
उग्र भीड़ ने मैनाठेर थाने और डींगरपुर पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया था। पीएसी के वाहनों को भी निशाना बनाया गया था। तत्कालीन डीआईजी अशोक कुमार सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था।
उस समय कुंदरकी थाना प्रभारी रहे अजय साहनी ने बिगड़ते हालात की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी और अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत बताई। बाद में आसपास के जनपदों से पुलिस बल बुलाकर स्थिति नियंत्रित करने की कार्रवाई की गई।
अपराध नियंत्रण के साथ उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से कुंदरकी थाने में दरोगाओं और सिपाहियों के लिए बैरक निर्माण भी कराया था। अब डीआईजी बनकर मुरादाबाद लौटने पर उनके कुंदरकी कार्यकाल की ये घटनाएं एक बार फिर चर्चा में हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।