UP Election 2027: मुरादाबाद मंडल में ओवैसी-चंद्रशेखर की जुगलबंदी, क्या 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बिगाड़ेगा सपा-बसपा का खेल?
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' गठबंधन से 2027 विधानसभा चुनाव में पश्चिमी यूपी, खासकर मुरादाबाद मंडल की ...और पढ़ें

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद
HighLights
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा से सपा के वोट बैंक में सेंध की तैयारी, कई सीटों पर बिगड़ सकता है चुनावी गणित
मोहसिन पाशा, मुरादाबाद। विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात पर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी ने नई चाल चली है। आजाद समाज पार्टी और आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, खासकर मुरादाबाद मंडल की सियासत पर पड़ सकता है।
मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश सपा के लिए चुनौती बनेगी। गठबंधन सफल रहा तो सपा के मजबूत क्षेत्रों में वोटों का गणित बिगड़ सकता है और भाजपा को फायदा मिलने की संभावना है।
संभल, मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा में मुस्लिम मतदाता कई सीटों पर निर्णायक हैं। दलित मतदाताओं की भी चुनाव परिणाम प्रभावित करने में अहम हिस्सेदारी है। इन दोनों वर्गों के बड़े हिस्से पर अब तक सपा और बसपा की नजर रही है।
ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी इसी राजनीतिक जमीन पर अपनी हिस्सेदारी तलाश रही है। गठबंधन की सफलता इस पर निर्भर करेगी कि दोनों दल अपने समर्थकों को बूथ तक कितनी मजबूती से पहुंचा पाते हैं।
मोर्चे का असर वोटों के बंटवारे तक सीमित नहीं रह सकता। टिकट न मिलने से नाराज नेता और दूसरे दलों के बागी इसे विकल्प के रूप में देख सकते हैं। कम अंतर से हार-जीत वाली सीटों पर मजबूत स्थानीय प्रत्याशी मुकाबले का रुख बदल सकते हैं।
सपा और बसपा के टिकट दावेदारों को भी यहां नया ठिकाना मिल सकता है, लेकिन दोनों दलों को प्रभावशाली स्थानीय चेहरे तलाशने होंगे। भाजपा इसे अपने लिए फायदेमंद मान रही है, जबकि सपा और बसपा के नेता गठबंधन को खोखला मोर्चा बता रहे हैं।
सपा के सामने मुस्लिम मतों में बंटवारे का खतरा है और बसपा के लिए दलित मतदाताओं को साथ बनाए रखना चुनौती होगी। मुरादाबाद में एआइएमआइएम के पिछले चुनावी प्रदर्शन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने जिले की छह में से पांच सीटों पर प्रत्याशी उतारे और कुल 31,413 वोट हासिल किए। कुंदरकी में मोहम्मद वारिस को 14,251, बिलारी में खालिद जमाल को 9,235, कांठ में रईसुद्दीन को 2,886, मुरादाबाद नगर में वकी राशिद को 2,661 और मुरादाबाद देहात में मोहीद फरगानी को 2,380 मत मिले।
ठाकुरद्वारा में पार्टी ने प्रत्याशी नहीं उतारा था। नगर निगम चुनाव में 25 वार्डों में प्रत्याशी उतारकर पार्टी को 11,781 वोट मिले, हालांकि कोई प्रत्याशी जीत नहीं सका। संभल विधानसभा सीट सपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है।
यहां वर्ष 2023 के नगर पालिका चुनाव में एआइएमआइएम की आसिया मुशीर ने सपा विधायक की पत्नी रुखसाना इकबाल को बड़े अंतर से हराया था। आसिया को 40,425 और रुखसाना को 7,662 वोट मिले थे।
चंद्रशेखर के साथ गठबंधन से दलित मतदाताओं को जोड़ने का अवसर मिलेगा और सपा के सामने अपने परंपरागत मतदाताओं को एकजुट रखने की चुनौती होगी। अमरोहा जिले में करीब 5.20 लाख मुस्लिम और 2.10 लाख अनुसूचित जाति के मतदाता हैं।
हसनपुर में एक लाख मुस्लिम और 60 हजार अनुसूचित जाति, अमरोहा में दो लाख मुस्लिम और 30 हजार अनुसूचित जाति, नौगावां सादात में 1.20 लाख मुस्लिम और 50 हजार अनुसूचित जाति तथा मंडी धनौरा में एक लाख मुस्लिम और 70 हजार अनुसूचित जाति के मतदाता बताए जाते हैं। दोनों वर्गों को साथ लाने में गठबंधन सफल रहा तो जिले की कई सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।