आखिर कहां हैं दुष्कर्म पीड़िता पर फायरिंग करने वाले हमलावर? पकड़ना तो दूर चिन्हित भी नहीं कर पा रही पुलिस
मुरादाबाद के कटघर इलाके में दुष्कर्म पीड़िता पर फायरिंग करने वाले आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र में शनिवार को दुष्कर्म पीड़ित पर शहर के अंदर फायरिंग कर आसानी से निकलने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस पकड़ना तो दूर चिन्हित नहीं कर पाई है। इसके चलते पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। आरोपित घटनास्थल तक कहां से पहुंचे जो वह किसी भी सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हुए। पुलिस ने इस मामले में पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
मझोला क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने नौ अप्रैल 2023 को सिविल लाइंस थाने में दीन दयाल नगर निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि ललित कौशिक ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसकी 16 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। आरोपित ललित कौशिक वर्तमान में बलरामपुर जेल में बंद है और दुष्कर्म की प्राथमिकी की सुनवाई कोर्ट में विचाराधीन है। जिसके साथ दुष्कर्म हुआ था अब उसकी शादी हो गई है।
कोर्ट से लौटते समय बदमाशों ने की फायरिंग
आरोप है कि शनिवार को पीड़ित अपनी मां और भाई के साथ कोर्ट में विचाराधीन मुकदमे के बारे में अधिवक्ता से बात करने के लिए कचहरी गई थी। करीब शाम चार बजे तीनों कचहरी से निकले और ई-रिक्शा में सवार हो गए। तीनों गुलाबबाड़ी क्षेत्र में रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही तीनों रामगंगा घाट पहुंचे तो बाइक सवार दो बदमाश पहुंच गए। बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी दुष्कर्म पीड़ित पर फायरिंग कर दी। दुष्कर्म पीड़ित की पीठ में गोली गई। साथ ही ई-रिक्शा चालक ताराचंद निवासी नागफनी और राहगीर सरफराज निवासी नूरी मस्जिद कटघर छर्रे लगने से घायल हो गए।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख को किया नामजद
पुलिस ने इस मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। शहर की घटना होने के बाद भी पुलिस चार दिन बाद भी आरोपितों को चिन्हित नहीं कर सकी है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।