Moradabad News : फैसले के नाम पर दिव्यांग महिला को कचहरी बुलाया, फिर अधिवक्ता के चेंबर में की छेड़छाड़
मुरादाबाद में एक दिव्यांग महिला ने तीन भूमाफिया पर अधिवक्ता के चैंबर में छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार उसे कोर्ट में लंबित चेक बाउंस मामले के निपटारे के लिए बुलाया गया था। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला गाजियाबाद में काम करके परिवार चलाती है।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सिविल लाइंस की दिव्यांग महिला ने तीन भूमाफिया पर आरोप लगाया कि कोर्ट के मामले को निपटाने के बहाने अधिवक्ता के चैंबर में बुलाया। उससे वहां छेड़खानी की। विरोध पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। महिला के शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस पुलिस को दिए शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि करीब एक साल पहले मझोला पुलिस ने तीन आरोपित वेदप्रकाश सैनी, डा. चन्द्रसेन सैनी, गौरव सिंह से 90-90 हजार रुपये के तीन चेक दिलाए थे, जो बाउंस हो गए। इन चेक से जुड़े मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं।
फैसले के नाम पर कचहरी बुलाया
इसी क्रम में बीती 16 जुलाई 2025 को तीनों आरोपितों ने फैसले के नाम पर उसे कचहरी बुलाया। महिला, अधिवक्ता के चैंबर पर पहुंची। वहां दो घंटे तक बिठाने के बाद तीनों ने अभद्र व्यवहार किया। विरोध पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की।
इस दौरान महिला के बेटे ने 112 पर काल कर पुलिस को सूचना दी। महिला के अनुसार, वह दिव्यांग है। आर्थिक स्थिति कमजोर है। गाजियाबाद में घरों में काम करके परिवार चला रही है। गाजियाबाद से मुरादाबाद आना संभव नहीं है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपितों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।