'सपाइयों ने हमेशा अवैध कब्जों के दिया बढ़ावा', सपा कार्यालय विवाद पर बोले BJP प्रदेश अध्यक्ष
मुरादाबाद में सपा कार्यालय के मुद्दे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सपा पर अनैतिक कब्जे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन नियमों के अनुसार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव के आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि सपा नकारात्मक एजेंडा चला रही है। भाजपा सरकार उत्तराखंड आपदा पीड़ितों को सहायता प्रदान करेगी।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद । सपा कार्यालय प्रकरण पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी शनिवार को पहली बार बोले। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का यही चरित्र है। सपाइयों ने अनैतिक व अवैध कब्जा कर इस प्रकार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है।
नियमों के आधार पर ही प्रशासन आगे की कार्रवाई कर रहा है। सपा कार्यालय की लीज समाप्त हो गई है। लीज खत्म होने के बाद उन्हें निश्चित रूप से कार्यालय खाली करना होगा। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी पर कहा कि भाजपा के कार्यालयों पर जो अवैध कब्जों की बात की जा रही है।
नियमानुसार बने कार्यालय
कहीं कोई अवैध कब्जा नहीं हुआ है। नियमानुसार पार्टी कार्यालय बने हैं, उन्हीं स्वरूप में संचालित कर रहे हैं। अखिलेश यादव की ही टिप्पणी कि फर्जी इंटरनेट मीडिया अकाउंट से भाजपा अफवाह फैला रही है, के सवाल पर कहा कि फर्जी अकाउंट या नकारात्मक एजेंडा सपा व कांग्रेस चलाने का काम कर रही है। टेरर फंडिंग के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहे आतंकी यासीन मलिक के दावे पर कहा कि पुरानी सरकारों ने आतंकवादियों को संरक्षण देने का काम किया है, निश्चित रूप से यह उसी से जुड़ा बयान है।
आपदा पीड़ितों को सहायता देगी सरकार
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिलारी के निरीक्षण भवन पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने बताया उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से उन्होंने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि, प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है, ऐसी आपदा में उत्तराखंड सरकार द्वारा पीड़ितों की सहायता करने पर उन्होंने आभार जताया।
उन्होंने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री ने तत्काल ही इस घटना का संज्ञान लिया, आर्थिक सहायता दी और प्रशासन को अलर्ट किया। उन्होंने कहा नियमानुसार जो भी आर्थिक सहायता है वह पीड़ितों को मिलेगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष आकाश पाल, ऋषिपाल सिंह, लवली यादव, विकास गुप्ता, रवि पासी, पंकज चौहान, गीता चौधरी आदि रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।