Updated: Mon, 01 Sep 2025 03:30 PM (IST)
मुरादाबाद पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में 10 आरोपियों को जेल भेजा है लेकिन बेची गई लड़कियों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मोबाइल सीडीआर से जानकारी जुटा रही है और आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी में है। गिरोह का पर्दाफाश कांशीराम नगर में हुआ था जहां से भागी लड़कियों ने मामले को उजागर किया था।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। लड़कियों को बंधक बनाकर उनसे देह व्यापार कराने और उन्हें बेचने वाले 10 आरोपितों को पुलिस जेल भेज चुकी है। पूजा की बेटी फरार है। आरोपितों ने पूछताछ के बाद भी उन लड़कियों के नाम नहीं बताए हैं, जिन्हें उन्होंने बेचा है। ऐसे में पुलिस सभी आरोपितों के मोबाइल की सीडीआर निकलवा रही है। साथ ही पुलिस कुछ आरोपितों को रिमांड पर भी लेगी। पुलिस के सामने कुछ और नाम सामने आए हैं। इनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
कांशीराम नगर में देह व्यापार गिरोह के चंगुल से छूटकर भागी बिहार, बस्ती और अमरोहा की लड़कियां 19 अगस्त को ट्रेन में मिली थीं। इसके बाद उन्हें सीडब्ल्यूसी भेजा गया था, जहां उनकी काउंसलिंग हुई और 21 अगस्त को सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष ने लड़कियों को बंधक बनाकर देह व्यापार कराने की धाराओं में पिंकी, सचिन और विजय ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। 23 अगस्त को मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने अवनीश यादव उर्फ विजय ठाकुर को पकड़ लिया था।
25 अगस्त की रात पुलिस की फिर से मुठभेड़ हुई। इसमें पुलिस ने सचिन ठाकुर, हसीन और विकास चौहान को गिरफ्तार किया। 27 अगस्त को पुलिस ने एक 13 वर्षीय लड़की को बरामद किया। इससे भी देह व्यापार कराया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने पूजा, शारिक और खुशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पूजा और शारिक को जेल भेजा जा चुका है।
गोशाला की आड़ में लड़कियों से कराया जा रहा था देह व्यापार
पुलिस ने एक और महिला शालिनी को भी गिरफ्तार किया था, जो सरगना सचिन ठाकुर के गिरोह की थी। 29 अगस्त को पिंकी को गिरफ्तार किया। वह गोशाला की आड़ में लड़कियों से देह व्यापार करा रही थी। वेदप्रकाश को भी उसी दिन गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।। अभी तक पुलिस कुल 10 आरोपितों को जेल भेज चुकी है, लेकिन कटघर क्षेत्र में बेची गई लड़की के बारे में ही पता लग सका है।
संभल में बेची गई लड़की का पता नहीं चला है। ऐसे में पुलिस अब सभी आरोपितों के मोबाइल की सीडीआर निकलवा रही है। साथ ही सचिन, पिंकी, अवनीश और विजय ठाकुर को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। सीओ कुलदीप गुप्ता ने बताया कि आरोपितों के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जा रही है। जल्द ही कुछ आरोपितों को रिमांड पर लेकर भी पूछताछ की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।