Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुरादाबाद में नाबालिग से हैवानियत, दुष्कर्म के बाद पिलाया तेजाब; मौत के बाद अब बढ़ेगा गैर इरादतन हत्या का मुकदमा

    By Jagran NewsEdited By: Abhishek Pandey
    Updated: Thu, 06 Mar 2025 01:24 PM (IST)

    मुरादाबाद में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद उसे जबरन तेजाब पिलाया गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी जिसमें अब गैर इरादतन हत्या की धारा भी बढ़ाई जाएगी। आरोपितों में से दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन महिला आरोपित अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

    Hero Image
    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। भगतपुर क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद नाबालिग को जबरन तेजाब पिलाने वाले आरोपितों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में अब गैर इरादतन हत्या की भी धारा बढ़ाई जाएगी। तीन दिन पहले किशोरी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। एक साल पहले किशोरी के साथ आरोपित ने दुष्कर्म किया था और उसके बाद जबरन तेजाब पिला दिया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस मामले में पुलिस ने पांच माह पहले तीन आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन महिला आरोपित आज तक फरार चल रही है।

    क्षेत्र के एक गांव निवासी जावेद का पड़ोसी गांव निवासी एक किशोरी से एक साल पहले प्रेम प्रसंग हो गया था। प्रेम प्रसंग के बाद आरोपित युवक शादी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई थी। किशोरी ने युवक से गर्भवती होने की बात बताते हुए शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसने इन्कार कर दिया।

    जबरन किशोरी को पिलाया तेजाब

    एक साल पहले आरोपित युवक अपने भाई और मां के साथ किशोरी के घर पहुंचा था। उन्होंने जबरन किशोरी को तेजाब पिला दिया था। इससे किशोरी की हालत बिगड़ गई थी। स्वजन किशोरी का तभी से लगातार उपचार करा रहे थे। सात माह तक किशोरी की लगातार हालत बिगड़ी रही। किशोरी बोल भी नहीं पा रही थी।

    सात माह तक किशोरी बेहोशी की हालत में रही। अक्टूबर माह में जब किशोरी होश में आई तो उसने पूरे मामले की जानकारी स्वजन को दी। स्वजन ने मामले का शिकायती पत्र पुलिस को दिया। पुलिस ने जावेद, इसके भाई हारुन और मां हलीमा निवासी गांव करिया नगला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों भाइयों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, लेकिन पुलिस आरोपित महिला को अब तक नहीं तलाश पाई थी।

    महिला की अब तक नहीं हुई गिरफ्तारी

    घटना के बाद कुछ दिनों तक तो आरोपित महिला को पकड़ने के लिए पुलिस ने दबिश दी, लेकिन बाद में पुलिस महिला को गिरफ्तार करना ही भूल गई। इसी के चलते महिला पिछले पांच माह से फरार चल रही है। इधर, उपचार के दौरान तीन दिन पहले दुष्कर्म पीड़ित ने दम तोड़ दिया था।

    पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया था। अब सभी आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा भी बढ़ाई जाएगी।

    प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल ने बताया कि तभी से महिला आरोपित की तलाश की जा रही है। वह घर से भागी हुई है। उसकी तलाश की जा रही है। अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा भी बढ़ाई जाएगी।

    पिता दुबई में रहकर करते थे काम, उधर बेटी को पिला दिया तेजाब

    किशोरी अपनी मां के साथ घर रहती थी। जबकि उसके पिता घटना के वक्त दुबई में थे, वह वहीं पर रहकर काम करते थे। जब बेटी के साथ घटी घटना की जानकारी उन्हें मिली तो वह दुबई से लौट आए। दुबई में काम करके कमाए गए रुपये भी बेटी के इलाज में खर्च कर दिए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इलाज के लिए रुपये नहीं होने के चलते पीड़ित बेटी को घर ले आए। जब भी उन पर रुपये हो जाते वह बेटी को लेकर अस्पताल जाते। इस दौरान तीन दिन पहले उसने दम तोड़ दिया।

    क्यों नहीं की पुलिस ने महिला आरोपित की गिरफ्तारी?

    सबसे हैरानी की बात यह है कि पीड़ित परिवार को आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराए हुए पांच माह बीत गए है, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपित महिला को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ दिन बाद तक तो पुलिस ने दबिश दी, लेकिन जैसे ही दोनों भाई पुलिस के हत्थे लगे तो फिर उनकी मां को पकड़ने का प्रयास ही नहीं दिया। अब पुलिस तर्क दे रही है कि वह घर से भागी हुई है। मोबाइल चलाती नहीं है। जिससे उसका पता नहीं चल पा रहा है। हालांकि अब पुलिस जल्द ही महिला आरोपित को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

    इसे भी पढ़ें: Moradabad News: प्रेमि‍का के सुसाइड के बाद प्रेमी ने फांसी का फंदा लगाकर दी जान, तीन साल से चल रहा था अफेयर