यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नवाबी दौर में विश्वविख्यात था मदरसा आलिया, अब यहां चलता है आजम खां का रामपुर पब्लिक स्कूल
Rampur Madarsa Alia आजकल मदरसा आलिया काफी सुर्खियो में हैं। दरअसल सपा विधायक आजम खां की मुहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रामपुर। Rampur Madarsa Alia : आजकल मदरसा आलिया काफी सुर्खियो में हैं। दरअसल, सपा विधायक आजम खां की मुहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से मदरसा आलिया की चोरी हुई किताबें और फर्नीचर मिल रही हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर सुर्खियोंं में आया मदरसा आलिया नवाबी दौर में दुनियाभर में मशहूर था।
मदरसे में विदेश से पढ़ने आते थे छात्र
इसमें अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, सऊदी अरब, ईरान, इराक से भी छात्र पढ़ने आते थे। आजादी के बाद इसका नाम राजकीय ओरियंटल कालेज रख दिया गया, जिसे सरकार चला रही थी। साल 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने इसे अरबी-फारसी विश्वविद्यालय बनवाने की घोषणा की, लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका।
मदरसा आलिया में चलता है रामपुर पब्लिक स्कूल
सपा शासनकाल में इसकी इमारत की मरम्मत कराई गई और फिर आजम खां के मौलाना मुहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को लीज पर दे दिया गया। अब इसमें ट्रस्ट का रामपुर पब्लिक स्कूल चल रहा है, जबकि ओरियंटल कालेज रजा इंटर कालेज में शिफ्ट कर दिया गया।
किताबें चोरी होने की वर्ष 2019 में लिखी गई थी रिपोर्ट
15 जून 2019 को ओरियंटल कालेज के प्रधानाचार्य जुबैर खां ने मदरसे की 9633 किताबें चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साल 2019 में ही जौहर यूनिवर्सिटी से करीब तीन हजार किताबें बरामद की गई थीं। अब फिर 80 बोरे किताबें बरामद की गई हैं।
जौहर यूनिवर्सिटी में मिलीं किताबें दुर्लभ
अब जो किताबें जौहर यूनिवर्सिटी से बरामद की गई हैं, इनमें कई किताबें दुर्लभ हैं। हाथ से लिखी गई कुरआन भी है। कई हदीस और रामायण भी हैं। ज्यादातर किताबें धार्मिक हैं। इन सभी किताबों को धर्म गुरु सम्मान के साथ सिर पर रखकर कोर्ट में पेश करने के लिए ले गए।
दीवार तोड़कर किताबें निकालीं
जौहर यूनिवर्सिटी के कर्मचारी परवेज अहमद और सालाउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर मदरसा आलिया से चोरी की गई किताबें व रैक बरामद की। शाम तक यूनिवर्सिटी में तलाशी अभियान जारी था। कुछ और किताबें मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका कार्यालय पर फोर्स तैनात कर दी गई।
