काम की खबर: अब मुरादाबाद में 10 दिन में मिलेगा बिजली कनेक्शन, बकाया पर नोटिस जरूरी
मुरादाबाद में अब बिजली कनेक्शन 10 दिन के भीतर मिलेगा और बकाया होने पर कनेक्शन काटने से पहले नोटिस देना ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बिजली कनेक्शन अब अधिकतम 10 दिन में जारी होगा।
बकाया होने पर कनेक्शन काटने से पहले नोटिस अनिवार्य।
गलत बिलों के सुधार और जर्जर खंभों का सर्वे होगा।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बिजली कनेक्शन के लिए अब उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आवेदन मिलने के अधिकतम 10 दिन के भीतर नियमानुसार नया विद्युत संयोजन जारी करना होगा। गलत बिलों को दुरुस्त करने में भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम अनुनय झा ने शुक्रवार को विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को उपभोक्ता सेवाओं में सुधार और लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम ने नए कनेक्शन और बिजली बिल संशोधन से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए विशेष कैंप लगाने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने से पहले नोटिस देना अनिवार्य होगा। उपभोक्ता मौके पर मौजूद नहीं है तो संबंधित परिसर पर नियमानुसार नोटिस चस्पा किया जाए।
जर्जर और झुके बिजली के खंभों का होगा सर्वे
डीएम ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में झुके व जर्जर बिजली के खंभों का सर्वे कराकर उनकी मरम्मत अथवा बदलने के निर्देश दिए, जिससे हादसों की आशंका कम हो। विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए अक्टूबर में सात उपकेंद्रों पर सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक कैंप लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद डीएम अनुझय झा ने किया प्रशासनिक फेरबदल: चार SDM बदले, अभय सिंह फिर सदर के मुखिया
गलत बिलों पर भी चलेगा सुधार अभियान
कैंप में नए कनेक्शन, बिजली बिल संशोधन, आपूर्ति और अन्य समस्याओं की शिकायतें सुनी जाएंगी। संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहेंगे। विभागीय उच्चाधिकारी भी निरीक्षण कर शिकायतों के निस्तारण की प्रगति देखेंगे। उपभोक्ता निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित उपकेंद्र पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
