मुरादाबाद डीएम अनुझय झा ने किया प्रशासनिक फेरबदल: चार SDM बदले, अभय सिंह फिर सदर के मुखिया
मुरादाबाद में डीएम अनुनय झा ने सदर, कांठ, ठाकुरद्वारा और बिलारी समेत चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को बदल दिया है। ...और पढ़ें

डीएम अनुनय झा।
HighLights
मुरादाबाद में चार तहसीलों के एसडीएम बदले गए
अभय सिंह को दोबारा सदर एसडीएम की जिम्मेदारी मिली
मयंक कुंडू कांठ के नए उपजिलाधिकारी नियुक्त
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले की प्रशासनिक मशीनरी में बदलाव के बाद उपजिलाधिकारियों में जिस ऊंहापोह की स्थिति थी, उस पर शुक्रवार को मुहर लग गई। डीएम अनुनय झा ने सदर, कांठ, ठाकुरद्वारा और बिलारी समेत चारों तहसीलों के एसडीएम हटा दिये और दूसरों को मौका दिया है। चौकाने वाली बात यह है हटाए गए एसडीएम भी लंबे समय से तैनात नहीं थे। उन्हें भी कुछ माह पहले ही मौका मिला था।
अप्रत्याशित रूप से दो माह में ही सदर से हटाए गए एसडीएम अभय सिंह को सदर की दोबारा कमान सौंपी गई है, वहीं हरदोई से आए मंयक कुंडू को कांठ का एसडीएम बनाया गया है।
जिले में लंबे समय बाद ऐसा हुआ है कि तैनात कोई एसडीएम साल तो दूर छह माह का कार्यकाल भी पूरा नहीं कर पाए। किसी भी तहसील में अब महिला एसडीएम नहीं हैं। प्रीति सिंह के बाद स्निग्धा चतुर्वेदी को कांठ की कमान मिली थी।
चार, साढ़े तीन और दो-दो महीने के कार्यकाल में ही हटाए गए एसडीएम
हटाए गए प्रिंस वर्मा को साढ़े चार माह पूर्व बिलारी तहसील की कमान मिली थी। अब उन्हें हटाकर अपर उप जिलाधिकारी सदर बनाया गया है। उसके साथ प्रभारी अधिकारी निर्वाचन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। बीते दिन ही उन्होंने सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराई थी। साढ़े तीन माह पूर्व कांठ की कमान पाने वाली स्निग्धा चतुर्वेदी को एसीएम द्वितीय बनाया गया है। साथ में पीओ डूडा का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे स्थित 30 करोड़ की सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराकर वह चर्चा में आईं थीं। हाल में ओवरलोडिंग व अवैध परिवहन के विरुद्ध चले अभियान में भी उन्होंने खूब कार्रवाई की।
सदर, कांठ के साथ ठाकुरद्वारा व बिलारी में भी नए एसडीएम की तैनाती
दो माह पूर्व सदर तहसील की कमान पाने वाले अभिषेक सिंह को हटाकर एसडीएम न्यायिक कांठ बनाया गया है। अभिषेक के साथ ही ठाकुरद्वारा की कमान पाने वाले वेद प्रकाश पांडेय को एसडीएम न्यायिक बिलारी बनाया गया है। एसीएम द्वितीय अंजनी कुमार मिश्रा को एसडीएम ठाकुरद्वारा बनाया गया है। एसडीएम न्यायिक कांठ अमित सिंह को एसडीएम बिलारी बनाया गया है। एसडीएम न्यायिक बिलारी अभय सिंह फिर सदर संभालेंगे।
यह भी पढ़ें- नाना रहे बिहार के DGP, माता-पिता भी सिविल सेवा में, अब IAS अनुनय झा बने मुरादाबाद के नए डीएम
डॉक्टर वंदना मिश्रा को दी ये जिम्मेदारी
डॉ. वंदना मिश्रा को एसडीएम मुख्यालय के साथ बंदोस्त अधिकारी चकबंदी व विशेष कार्याधिकारी एमडीए की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। हरदोई से हाल में ही आए मयंक कुंडू काे कांठ की कमान दी गई है। एक साथ चारों एसडीएम का बदला जाना प्रशासनिक खेमे ही नहीं जिले में चर्चा का विषय बना है।
