विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में जीएसटी फर्जीवाड़ा: 267 करोड़ के कारोबार पर 48 करोड़ की बोगस ITC, आठ फर्म में पकड़ी चोरी

Published: Sat, 21 Nov 2026 10:29 AM (IST)

राज्य कर विभाग ने मुरादाबाद जोन में 267 करोड़ के कारोबार पर 48 करोड़ रुपये की फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का खुलासा किया है। आठ फर्में पंजीकृत पते पर अस्तित्व में नहीं मिलीं, जिनके पंजीयन निलंबित कर दिए गए हैं।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. राज्य कर विभाग ने 48 करोड़ की बोगस आईटीसी पकड़ी।

  2. मुरादाबाद जोन में आठ फर्जी फर्में पकड़ी गईं।

  3. फर्जीवाड़े में शामिल फर्मों के पंजीयन निलंबित किए गए।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जीएसटी में फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के खेल का राज्य कर विभाग ने पर्दाफाश किया है। मुरादाबाद जोन के पांच जिलों में आठ ऐसी फर्में पकड़ी गई हैं, जिन्होंने 267.23 करोड़ रुपये का कारोबार दिखाकर 48.08 करोड़ रुपये की बोगस आईटीसी पास की।

विभागीय सत्यापन में ये फर्में अपने पंजीकृत पते पर अस्तित्व में नहीं मिलीं। इनमें कई फर्मों ने बिना वास्तविक खरीद किए अचानक करोड़ों रुपये की बिक्री दर्शाई थी। जांच के बाद विभाग ने संबंधित फर्मों का पंजीयन निलंबित कर दिया है।

पांच जिलों में राज्य कर विभाग की निगरानी में सामने आया फर्जीवाड़ा

राज्य कर विभाग ने जीएसटी नेटवर्क की बिजनेस इंटेलिजेंस एंड फ्राड एनालिटिक्स (बीआईएफए) रिपोर्ट के आधार पर इन फर्मों की गतिविधियों की निगरानी की। रिपोर्ट में खरीद और बिक्री के आंकड़ों में असामान्य अंतर सामने आया था। कुछ फर्मों ने लंबे समय तक कोई कारोबार नहीं किया, लेकिन अक्टूबर 2026 में अचानक भारी बिक्री दिखा दी। वहीं, कई फर्मों ने बोगस खरीद दर्शाकर आईटीसी का लाभ लेने का प्रयास किया।

फर्मों का अस्तित्व नहीं मिला

जांच में सामने आया कि आसना क्राफ्ट, बंटी इंटरप्राइजेज, सचिन ट्रेडर्स, एचके इंटरप्राइजेज, आरआरओ कंस्ट्रक्शन मैटेरियल, एमकेक्यू इंटरप्राइजेज, राम इंटरप्राइजेज और देवी इंटरप्राइजेज ने संदिग्ध लेनदेन किए। इनमें तीन फर्में रामपुर, दो बिजनौर, दो चंदौसी और एक संभल की बताई गई है।

विभाग ने सत्यापन में अस्तित्व नहीं मिलने पर इनके खिलाफ पंजीयन निलंबन की कार्रवाई की है। एक मामले में केंद्रीय कर विभाग को भी पंजीयन निलंबित करने के लिए सूचना दी गई है।

अपर आयुक्त ग्रेड वन अशोक कुमार सिंह के अनुसार, जांच में कुछ फर्मों ने बिना खरीद किए अचानक भारी बिक्री दिखाई। सत्यापन में फर्में मौके पर नहीं मिलीं। विभाग ने इनके पंजीयन निलंबित कर दिए।

रामपुर, संभल सहित इन जिलों में फैला था फर्जीवाड़ा

विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आठ फर्मों में तीन रामपुर, तीन संभल (चंदौसी सहित) और दो बिजनौर की हैं। इनका पंजीयन अलग-अलग तारीखों में कराया गया था। कुछ फर्मों ने स्क्रैप, लोहा, सीमेंट और अन्य वस्तुओं की आपूर्ति के नाम पर पंजीयन लिया, जबकि कुछ ने प्रिंटेड बुक्स और वर्क कांट्रैक्ट सर्विस का कारोबार दिखाया। जांच में फर्मों का मौके पर अस्तित्व नहीं मिला।

फर्मवार कारोबार और बोगस आईटीसी का ब्योरा: फर्म, कारोबार (करोड़ रुपये), बोगस आईटीसी (करोड़ रुपये)

  • आसना क्राफ्ट, संभल, 58.55, 10.54
  • बंटी इंटरप्राइजेज, बिजनौर, 25.20, 4.53
  • सचिन ट्रेडर्स, बिजनौर, 22.03, 3.95
  • एचके इंटरप्राइजेज, चंदौसी, 18.41, 3.31
  • आरआरओ कंस्ट्रक्शन मैटेरियल, रामपुर, 28.91, 5.22
  • एमकेक्यू इंटरप्राइजेज, चंदौसी, 31.97, 5.75
  • राम इंटरप्राइजेज, रामपुर, 43.39, 7.81
  • देवी इंटरप्राइजेज, रामपुर, 38.77, 6.97
  • कुल, 267.23, 48.08

ऐसे खुला फर्जीवाड़ा

राज्य कर विभाग के अनुसार जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध तकनीक के माध्यम से हर महीने 11 तारीख तक अपलोड होने वाले जीएसटीआर-1 के आंकड़ों की निगरानी की जाती है। इसके आधार पर प्राप्तकर्ता फर्म के जीएसटीआर-2बी में आइटीसी प्रदर्शित होती है। इसी व्यवस्था के तहत खरीद और बिक्री के आंकड़ों में अंतर पकड़ में आया।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में विकसित होंगे तीन नए वेटलैंड, सैर-सपाटे के लिए अब नहीं जाना होगा शहर से दूर

यह भी पढ़ें- दशकों का अनुभव भी नहीं आएगा काम? वक्फ की 2,712 संपत्तियों पर नई शर्त से मुरादाबाद के 80% मुतवल्ली फंसे



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।