मुरादाबाद में विकसित होंगे तीन नए वेटलैंड, सैर-सपाटे के लिए अब नहीं जाना होगा शहर से दूर
मुरादाबाद में मौढ़ा तैय्या झील, डिडौरा झील और फैजुल्लागंज को वेटलैंड घोषित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

मौढ़ा तैय्या झील पर आनंद लेते हुए विदेशी परिंदे। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
मौढ़ा तैय्या झील समेत तीन स्थल बनेंगे वेटलैंड।
प्रस्ताव शासन को भेजा, ईको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
प्रवासी पक्षियों और जलीय जीवों को मिलेगा संरक्षण।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सैर-सपाटे के लिए अब शहर से दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। प्रकृति की गोद में कुछ पल बिताने, झील के किनारे पक्षियों की अठखेलियां देखने और विदेशी मेहमानों की खूबसूरती निहारने के लिए जिले में ही नए ठिकाने तैयार होने की उम्मीद है।
कांठ की मौढ़ा तैय्या झील, मुरादाबाद सदर की डिडौरा झील और ठाकुरद्वारा के फैजुल्लागंज को वेटलैंड घोषित कराने के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इससे ये स्थान केवल पक्षियों के आशियाने ही नहीं रहेंगे, बल्कि प्रकृति प्रेमियों और सैर-सपाटे के शौकीनों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकेंगे।
हर साल सर्दियों में हजारों किलोमीटर का सफर तय कर प्रवासी पक्षी जिले के इन प्राकृतिक जलक्षेत्रों में पहुंचते हैं। झीलों का पानी, आसपास की हरियाली और अनुकूल वातावरण इनके लिए ठहरने का ठिकाना बनता है। अभी तक जिले में एक भी स्थान को वेटलैंड घोषित नहीं किया जा सका है।
ऐसे में वन विभाग की यह पहल जिले की प्राकृतिक विरासत को नई पहचान दिला सकती है। तीनों स्थानों का अपना प्राकृतिक विस्तार है। कांठ तहसील में करीब 10 हेक्टेयर में मौढ़ा तैय्या झील फैली है।
मुरादाबाद सदर तहसील की डिडौरा झील का क्षेत्रफल करीब 20 हेक्टेयर है, जबकि ठाकुरद्वारा के फैजुल्लागंज में साढ़े छह हेक्टेयर का जलक्षेत्र है।
तीनों ही स्थानों पर विदेशी पक्षियों की आवाजाही रहती है। वन विभाग ने इन प्राकृतिक ठिकानों को सुरक्षित करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। फैजुल्लागंज का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। मौढ़ा तैय्या और डिडौरा झील के प्रस्ताव भी तैयार कर लिए गए हैं। इन्हें शासन को भेजने की तैयारी है।
फैजुल्लागंज, मौढ़ा तैय्या और डिडौरा झील के वेटलैंड घोषित होने के बाद तीनों स्थानों का व्यवस्थित संरक्षण और निगरानी हो सकेगी। इससे विदेशी पक्षियों, जलीय जीवों और वनस्पतियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। साथ ही ईको टूरिज्म की संभावनाएं भी विकसित होंगी।
प्रिया अग्रवाल, डीएफओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।