राम मंदिर आंदोलन में रामपुर के अशोक विश्नोई ने भी झोंकी थी ताकत
रामपुर राम मंदिर आंदोलन में भाजपा नेता अशोक विश्नोई की भी अहम भूमिका रही थी। पुलिस की चौकसी के बाद वह कई किमी पैदल चलकर अयोध्या पहुंचे थे।
रामपुर। राम मंदिर आंदोलन में भाजपा नेता अशोक विश्नोई की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने अयोध्या पहुंचकर कार सेवा की और गिरफ्तारी भी दी। राम मंदिर को लेकर हुए आंदोलन में यूं तो रामपुर के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया, लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अहम भूमिका निभाई। इनमें ही भाजपा के जिला महामंत्री अशोक विश्नोई भी शामिल हैं। राम मंदिर को लेकर जब आंदोलन शुरू हुआ तो वह बजरंग दल में थे और कार सेवकों के जत्थे के साथ अयोध्या पहुंचे थे।
वहां उन्होंने कार सेवा भी की। 1990 और 92 में हुए आंदोलन में उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जब अयोध्या में विवादित ढांचा ढाया गया तब भी वह अयोध्या पहुंचे। श्री विश्नोई बताते हैं कि कसम राम की खाते हैं, मंदिर वहीं बनाएंगे और राम लला के वास्ते खाली कर दो रास्ते आदि नारे लगाते हुए अयोध्या पहुंचे। कारसेवा पुरम में ठहरे। पुलिस ने अयोध्या जाने पर भी पाबंदी लगा रखी थी, इसलिए छिपते-छिपाते कई किलोमीटर पैदल चलकर अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बने, यह हमारा सपना था, जो अब पूरा होने जा रहा है। हमारी जिदगी की इससे बड़ी कोई खुशी नहीं हो सकती। पांच अगस्त को राम मंदिर की नींव रखी जाएगी, जिसमें देश की बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। उम्मीद है जल्द ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। इससे हमारा ही नहीं, बल्कि सभी देशवासियों का सपना पूरा होगा।