Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बेटी की शादी के लिए पैसे निकाल घर जा रही महिला से 50 हजार की लूट, पुलिस चौकी के पास हुई वारदात

    By Narendra KumarEdited By:
    Updated: Tue, 11 Jan 2022 07:37 AM (IST)

    महिला ने मंडी समिति चौकी जाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर एएसपी सागर जैन एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया के साथ थाना प्रभारी धनंजय सिंह पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद बैंक अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।

    Hero Image
    मझोला थाना क्षेत्र के मंडी समिति के अंदर दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम।

    मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। मझोला थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश महिला से 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। महिला बेटी की शादी की तैयारियों के लिए बैंक से पैसे निकालने के बाद घर की ओर पैदल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने महिला को पहले धक्का देकर गिरा दिया, इसके बाद कपड़े का थैला छीनकर भाग गए। महिला ने शोर मचाया, लेकिन मंडी समिति में कोई समझ नहीं पाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मझोला थाना क्षेत्र के एकता कालोनी निवासी पिंकी पीतल फर्म में नौकरी करती हैं। पति शिवकुमार की मौत हो चुकी है। परिवार में एक बेटा विकास और बेटी मोनिका है। पीड़ित महिला ने बताया कि छह फरवरी को बेटी की शादी है। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे मंडी समिति के सामने पीएनबी बैंक शाखा से पैसे निकालने के लिए गई थी। बैंक से 50 हजार रुपये निकालने के बाद थैले में डालकर घर की ओर पैदल जाने लगी। इसी दौरान मंडी समिति के अंदर पहुंचते ही काली पल्सर सवार दो युवकों ने पीछे से आकर धक्का दे दिया। जैसे ही वह उन्हें देखने के लिए पीछे मुड़ी उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसके हाथ से रुपयों का थैला छीनकर दिल्ली रोड की ओर भाग निकले। उसने शोर मचाया लेकिन भीड़ में लोगों को कुछ समझ में नहीं आया। महिला ने मंडी समिति चौकी जाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर एएसपी सागर जैन, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया के साथ थाना प्रभारी धनंजय सिंह पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद बैंक अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। घटना की पुष्टि होने के बाद मझोला थाना प्रभारी ने पीड़ित महिला की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज किया।

    पुलिस चौकी से 50 कदम की दूरी पर घटना को दिया अंजाम : पिंकी से लूट की घटना से महज 50 कदम की दूरी पर मंडी समिति चौकी स्थित है। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश चौकी के सामने से फरार हो गए। वहीं, चौकी में बैठे पुलिस कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। लूट की इस वारदात को अंजाम देकर बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को बड़ी चुनौती दी है।

    पैसे लुटने के बाद फूट-फूट कर रो पड़ीं पिंकी : एकता कालोनी निवासी पिंकी लाकड़ी फाजलपुर स्थित फर्म में काम करके पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। लगभग एक साल से बेटा विकास भी उसी फर्म में काम कर रहा है। दोनों ने मिलकर बेटी की शादी के लिए बैंक में पैसे जमा किए थे। अचानक हुई इस वारदात के बाद वह पूरी तरह से टूट गईं। पुलिस कर्मियों के सामने उसके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। मां-बेटे ने बीते कई साल से मेहनत करके शादी के लिए रकम एकत्र कर रहे थे। हालांकि, पुलिस कर्मियों ने दोनों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर पैसे वापस दिलाए जाएंगे।

    बैंक से पैसे निकालकर घर जा रही एक महिला के साथ दो बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही बाइक सवार लूटेरों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

    अखिलेश भदौरिया,एसपी सिटी