यूपीएससी में विवेक तिवारी व विवेक मौर्य ने मारी बाजी
जागरण संवाददाता मीरजापुर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा-2021 का अंति

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा-2021 का अंतिम परिणाम सोमवार को जारी किया गया। इसमें मीरजापुर जनपद के प्रतिभावान विवेक तिवारी और विवेक कुमार मौर्य ने चयनित होकर जनपद को गौरवान्वित किया। यूपीएससी में चयन से परिवारजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
चयनित होने वाले विकास खंड पहाड़ी के अघवार निवासी विवेक मौर्य की माता ब्रहमकुमारी प्राथमिक विद्यालय अघवार में शिक्षामित्र हैं तो पिता विपिन बिहारी मौर्य गांव में ही किराने की दुकान चलाते हैं। विकास खंड सिटी के मुंहकुचवा निवासी विवेक तिवारी के पिता शंभूनाथ तिवारी राइस मिल चलाते हैं और माता विजय लक्ष्मी तिवारी गृहिणी हैं।
आर्डिनेंस फैक्ट्री (आइओएफएस) देहरादून रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट वर्क मैनेजर पद पर तैनात विवेक तिवारी को तीसरे प्रयास में संघ लोक सेवा की परीक्षा में 164वीं रैंक मिली है। वे अब आइपीएस बनेंगे। उन्होंने सेंट मेरीज स्कूल से प्रथम श्रेणी में वर्ष 2009 में हाईस्कूल और वर्ष 2011 में इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की थी।इसके बाद गाजियाबाद से बीटेक मैकेनिकल की पढ़ाई पूरी की। विवेक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और चाचा को दिया। उनके पिता शंभूनाथ तिवारी और चाचा शेषनाथ तिवारी राइस मिल मुंहकुचवा में संचालित करते हैं, विवेक तिवारी पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। विवेक ने बताया कि सफलता के लिए नियमित 12-13 घंटे पढ़ाई करते थे ड्यूटी के दौरान 6-7 घंटे पढ़ाई करने का ही समय मिलता था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग घूरपुर इलाहाबाद में वैज्ञानिक सहायक पद पर तैनात विवेक कुमार मौर्य ने 417वीं रैंक प्राप्त करते हुए यूपीएससी की परीक्षा चौथे प्रयास में हासिल की। विवेक कुमार का जन्म सिटी ब्लाक के ग्राम अघवार में वर्ष 1997 में हुआ। तीन भाइयों में सबसे छोटे विवेक मौर्य शुरु से ही होनहार थे। उन्होंने सेंट मेरीज स्कूल से प्रथम श्रेणी में वर्ष 2012 में हाईस्कूल और वर्ष 2014 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिला में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद काशी हिदू विश्वविद्यालय से भौतिकी आनर्स में वर्ष 2017 में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयार करने लगे। वर्ष 2019 में भारत मौसम विज्ञान विभाग में वैज्ञानिक सहायक पद पर चयनित हुए। विवेक ने बताया कि परीक्षा के दौरान 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते थे। विवेक तीन भाइयों आनंद मौर्य, बलवंत मौर्य में सबसे छोटे हैं। सफलता का श्रेय अपने बाबा स्व.लल्ला प्रसाद मौर्य व चाचा रामबिहारी मौर्य को दिया। अरविद कुमार सिंह,डा. अशोक सिंह चन्देल, डा. देवव्रत सिंह, डा. धनंजय सिंह ने बधाई दी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।