विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मीरजापुर में नाकामी का दाग म‍िटाने को विद्यालय बनाने पहुंची टीम, दिव्या मित्तल के गंभीर आरोपों के बाद जागा प्रशासन

By Rakesh Kumar Mishra Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 30 Sep 2026 01:45 PM (IST)

पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के वक्तव्य और मीडिया रिपोर्ट के बाद मीरजापुर प्रशासन ने लहुरियादह में उच्च प्राथमिक विद्यालय निर्माण ...और पढ़ें

HighLights

  1. पूर्व डीएम दिव्या मित्तल के आरोपों के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ।

  2. लहुरियादह में उच्च प्राथमिक विद्यालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई।

  3. 25 लाख रुपये की लागत से बनेगा नया विद्यालय।

जागरण संवाददाता, ड्रमंडगंज (मीरजापुर)। पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल द्वारा वीडियो जारी कर दिए गए वक्तव्य व दैनिक जागरण के बुधवार के अंक में "उदासीनता की भेंट चढ़ा लहुरियादह में स्वीकृत उच्च प्राथमिक विद्यालय"नामक शीर्षक से प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित किए जाने के बाद जिला प्रशासन जागा।

बुधवार दोपहर बारह बजे के करीब बीइओ हलिया प्रकाश चंद्र यादव ग्राम प्रशासक कौशलेंद्र कुमार गुप्ता टीम के साथ लहुरियादह गांव में विद्यालय निर्माण हेतु चयनित किए गए स्थल पर पहुंचे।बीइओ की मौजूदगी में विद्यालय के लिए आवंटित भूमि की मापी व चिन्हांकन करवाया गया। विद्यालय का निर्माण प्राथमिक विद्यालय लहुरियादह के प्रधानाध्यापक गंगा शंकर ओझा की देखरेख में किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : पूर्व आइएएस दिव्या मित्तल का चुनाव लड़ना अब तय है, मीरजापुर के उस स्कूल की भी कहानी भी जान लें जो चर्चा में है

बीइओ हलिया प्रकाश चंद्र यादव ने बताया कि लहुरियादह गांव में स्वीकृत उच्च प्राथमिक विद्यालय के लिए शासन से धन राशि आवंटित हो गई है।25 लाख रुपए की लागत से उच्च प्राथमिक विद्यालय का निर्माण करवाया जाएगा।लहुरियादह में बहुप्रतीक्षित उच्च प्राथमिक विद्यालय के निर्माण कार्य की कवायद शुरू होने पर ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है।

वर्ष 2023 में लहुरियादह गांव में निरीक्षण के दौरान ग्रामीण देवकली ने बच्चों की शिक्षा को लेकर गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय खोले जाने की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल से मांग की थी। दिव्या मित्तल के प्रयासों से लहुरियादह गांव में वर्ष 2024 में उच्च प्राथमिक विद्यालय स्वीकृत हुआ था। वहीं विद्यालय निर्माण हेतु अगस्त 2025 में शासन से धनराशि भी जारी कर दी गई थी। लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते विद्यालय निर्माण कार्य शुरू नही हो पाया था।

यह भी पढ़ें : पूर्व IAS दिव्या मित्तल के चुनाव लड़ने पर ओमप्रकाश राजभर ने उठाए सवाल, मीरजापुर में बढ़ी राजनीतिक हलचल

उच्च प्राथमिक विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू होने पर लहुरियादह गांव के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। ग्रामीण देवकली,कृष्णा वर्मा,गीता देवी,हीरा यादव,चौरसिया देवी, लालबहादुर यादव, रामकृष्ण यादव आदि ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि गांव के बच्चों को कक्षा आठ तक की पढ़ाई के लिए अब गांव से दूर नही जाना पड़ेगा।

गरीब व श्रमिकों के बच्चों को गांव में ही आठवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त हो सकेगी। वहीं जिस जगह विद्यालय के लिए भूमि का आवंटन किया गया है उसी स्थल के पास नाला स्थित है। जिसमें बारिश का पानी बहता है। विद्यालय निर्माण के समय पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करवाए जाने की आवश्यकता है। ग्राम प्रधान कौशलेंद्र गुप्ता ने जिला प्रशासन के इस पहल पर खुशी जताई कहा कि लहुरियादह गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय बनने से खासकर बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें : मीरजापुर में द‍िव्‍या म‍ित्‍तल के प्रयासों के बाद भी जो स्‍कूल नहीं बन सका वह वीड‍ियो जारी होने के बाद बनने भी लगा