Pandit Chhannulal Mishra: पद्यविभूषण पं. छन्नूलाल मिश्र की तबीयत बिगड़ी, बीएचयू में भर्ती
पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र को माइनर कार्डियक अटैक के बाद बीएचयू वाराणसी के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी ने बताया कि उनकी हालत में थोड़ा सुधार है। पिछले कुछ समय से वे बीमार चल रहे थे। उन्हें पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन बाद में बीएचयू रेफर कर दिया गया।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। उपशास्त्रीय गायक पद्यविभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र की माइनर कार्डियक अटैक के बाद उनको बीएचयू वाराणसी स्थित इमरजेंसी के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत में अभी थोड़ा सुधार होना बताया गया है। उनकी छोटी बेटी प्रोफेसर नम्रता मिश्र ने बताया कि पिता जी को बीएचयू वाराणसी के इमरजेंसी के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत में रविवार को थोड़ा सुधार हुआ है।
पंडित छन्नूलाल मिश्र पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे है। एक सप्ताह से उनकी तबीयत अधिक खराब हो गई। बीते 12 सितंबर को मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्राेफेसर संजीव कुमार सिंह अपनी टीम के साथ उनसे मिलने गए थे। उनकी सारी जांच कराई थी। डाक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी के लिए लगाया था।
प्राचार्य ने उनको हारमोनियम बजाकर एक भजन भी सुनाया था। शुक्रवार की रात उनकी तबीयत अचानक अधिक खराब होने पर उनको नगर के ओझला पुल स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज चल रहा था। शनिवार की रात अचानक उनको माइनर हार्ट अटैक आने की शिकायत पर चिकित्सकों ने उनको बीएचयू के लिए रेफर कर दिया था।
बताया गया कि उनके चेस्ट में इंफेक्शन है। खून की कमी भी है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। आजमगढ़ में जन्मे पंडित छन्नूलाल मिश्र ने बनारस को अपनी कर्मभूमि बनाया। वे किराना और बनारस घराने की गायकी के प्रमुख प्रतिनिधि हैं। भारत सरकार उन्हें 2000 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, 2010 में पद्मभूषण और 2020 में पद्मविभूषण से सम्मानित कर चुकी है। 2014 में वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावक भी रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।