यूपी में किसानों के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने धान समर्थन मूल्य में की 69 रुपये की बढ़ोतरी
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद 1 नवंबर से शुरू होगी। सरकार ने प्रति क्विंटल 69 रुपये की बढ़ोत्तरी की है। क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। किसान खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने मंडी सचिव को प्रचार का निर्देश दिया है।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद एक नवंबर से आरंभ होगा। सरकार की ओर से प्रति क्विंटल 69 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। इससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी। क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा।
खाद्य विभाग के पोर्टल एफसीएस.यूपी.एनआईसी.इन पर किसान घर बैठे स्वयं अथवा जन सुविधा केंद्र सीएससी, साइबर कैफे से आनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। इसके मददेनजर तैयारियां आरंभ हो गई हैं। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मंडी सचिव मीरजापुर व अहरौरा को प्रचार का निर्देश दिया है।
संभागीय खाद्य नियंत्रक आरबी प्रसाद ने बताया कि शासन से इस वर्ष सामान्य धान 2369 रुपया और ग्रेड ए धान का 2389 रुपया प्रति क्विंटल की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष सामान्य धान 2300 रुपये और ग्रेड ए धान 2320 रुपये की दर से खरीद की गई थी। धान खरीद में रजिस्ट्रेशन के लिए किसान आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, नया पासपोर्ट फोटो, बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छाया प्रति, भू अभिलेख खतौनी व जोतबही की छायाप्रति साथ लेकर जाएं।
रजिस्ट्रेशन के बाद किसान रजिस्ट्रेशन संख्या और अन्य कागजात लेकर धान क्रय अवधि में क्रय केंद्र पर जाएं।
वर्ष 2024-25 में 50501 किसानों से 328211.78 टन धान की खरीद
खरीफ क्रय वर्ष 2024-25 में विंध्याचल मंडल में लक्ष्य से अधिक 50501 किसानों से 328211.78 टन धान की खरीद की गई थी। जबकि वर्ष 2023-24 में इस तिथि तक 268113.02 टन धान की खरीद हुई थी। जनपद मीरजापुर के 97 केंद्रों पर निर्धारित लक्ष्य 155200 टन के सापेक्ष 30516 किसानों से 187598.82 टन खरीद हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 120.88 प्रतिशत है। वहीं, सोनभद्र में 69 केंद्रों पर लक्ष्य 101250 टन के सापेक्ष 15496 किसानों से 117822.48 टन खरीद हो चुकी है, जो लक्ष्य का 116.37 प्रतिशत है। भदोही में 31 केंद्रों पर 3960 किसानों से लक्ष्य 33000 के सापेक्ष 19725.47 टन धान की खरीद की गई थी।
मूल्य समर्थन योजना के तहत वर्ष 2025-24 में धान की खरीद एक नवंबर से आरंभ होगी। मंडी सचिव मीरजापुर और अहरौरा सहित संबंधित अधिकारियों को धान क्रय योजना के प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया है। जिससे अधिक से अधिक किसान क्रय केंद्र पर धान बिक्री करके योजना का लाभ उठा सकें।- प्रियंका निरंजन, जिलाधिकारी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।