नो कर्फ्यू नो दंगा उत्तर प्रदेश में है सब चंगा… मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर बोला हमला- चार बार की सरकार में विकास नहीं रहा एजेंडा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिर्जापुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सपा और बसपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया और गुंडाराज नहीं है बल्कि गरीबों और बेटियों की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने सपा के शासनकाल को याद दिलाया और कहा कि उनके समय में नौकरी निकलती थी लेकिन चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए साथ-साथ निकल पड़ती थी।

जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर सपा की नीति और नेतृत्व पर जमकर हमला बोला। कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया, कर्फ्यू और दंगों से हुआ करती थी आज गरीब व बेटियों की सुरक्षा और उत्थान बात होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार बार सपा को प्रदेश में शासन चलाने का अवसर मिला, लेकिन उसके एजेंडे में कभी विकास नहीं रहा बल्कि परिवार और माफिया का विकास हुआ। भाजपा के विधायक कृष्णानंद राय की हत्या करने वाला माफिया सपा-बसपा के गले का हार था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सब कुछ बदल गया है। उन्होंने प्रदेश को ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा उत्तर प्रदेश में सब है चंगा’ बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सीटी ब्लाक के चंदईपुर में भाजपा प्रत्याशी शुचिस्मिता मौर्या के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
पांच दिन में दूसरी बार पहुंचे मुख्यमंत्री ने भरा हुंकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मझवां उपचुनाव के प्रचार के लिए पांच दिनों के अंदर दूसरी बार मझवां विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। संशोधित समय से डेढ़ घंटा विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सपा के साथ बसपा पर भी निशाना साधा।
कहा कि जिस उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया, कर्फ्यू और दंगों से होती थी आज हम कह सकते हैं कि उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त, दंगा मुक्त होकर उत्तर प्रदेश नो कर्फ्यू नो दंगा उत्तर प्रदेश में है सब चंगा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विकास के मुद्दे पर भी सपा को निशाने पर लिया। कहा कि सपा चार बार शासन में रही, लेकिन एजेंडे में कभी विकास नहीं रहा, बल्कि परिवार के विकास के साथ बड़े-बड़े माफिया और गुंडों का ही विकास हुआ।
एक बार फिर माफिया और गुंडाराज की याद दिलाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर सपा राज भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या की याद दिलाई। कहा कि यह कौन नहीं जानता कि भाजपा विधायक की हत्या करने वाले सपा और बसपा की गले के हार हुआ करते थे।
यही कारण है प्रदेश की जनता आज समाजवादी पार्टी का जंगल राज की फिर कभी वापसी ना होने के लिए मां विंध्यवासिनी से प्रार्थना करती है। मुख्यमंत्री ने 60200 पुलिस भर्ती का परिणाम शीघ्र निकलेगा। इसमें 20 प्रतिशत बेटियां होंगी। ये बेटियां जिस चौराहे पर या कहीं गांव में या शहर में जहां कहीं बेटियों पर टेढ़ी नजर डालेगा, वहीं पुलिस में भर्ती में बेटियां उनके डेंटिंग-पेंटिंग का काम करेंगी। सपा कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उनके समय में नौकरी निकलती थी और चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए साथ-साथ निकल पड़ती थी।
गरीबों के उत्थान से लेकर बेटियों की बढ़ी सुरक्षा
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के उत्थान से लेकर बेटी की सुरक्षा को प्रभारी ढंग से उत्तर प्रदेश के अंदर से लागू किया गया है। विकास के बड़े-बड़े कार्य हाईवे, रेलवे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज का कार्य किया जा रहा है। विरासत के रूप में मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर उदाहरण सबके सामने है। मां विंध्यवासिनी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण आज जनपद में हो रहा है।
कहा कि काशी विश्वनाथ धाम और 500 वर्षों का इंतजार समाप्त करके अयोध्या में भगवान राम के भाव मंदिर का निर्माण यहां अपने आप में उदाहरण है। श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषाद राज की एक गले मिलती प्रतिमा को वहां पर 56 फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना काम किया गया।
केंद्रीय मंत्री के साथ मिलकर मझवां का करेंगी विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को अपने भारी बहुमत से जिताया। अब प्रत्याशी शुचिस्मिता मौर्या को उत्तर प्रदेश विधानसभा में भेजिए। यहां के सांसद और केंद्रीय मंत्री के साथ यहां के बनने वाली विधायक शुचिस्मिता मौर्या के साथ मिलकर हम विकास और विरासत की एक नई कथा मां विंध्यवासिनी धाम के जनपद में लिखने के लिए कार्य करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।