हाईकोर्ट के आदेश से मीरजापुर में पंचायत चुनाव की हलचल, बढ़े मतदाता और मतदान केंद्र
इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद मीरजापुर में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। जनपद में कुल 31,780 ...और पढ़ें

HighLights
हाईकोर्ट के फैसले से मीरजापुर में पंचायत चुनाव की सरगर्मी बढ़ी।
जनपद में कुल 31,780 नए मतदाता सूची में शामिल।
मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या में भी वृद्धि।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। उत्तर प्रदेश में आगामी तीन माह में पंचायत चुनाव कराने का हाईकोर्ट की ओर से फैसला बुधवार को आया। इसके बाद से पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है।
गत जून माह में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली 2026 के अंतिम प्रकाशन के बाद जनपद में कुल 31,780 मतदाता बढ़े हैं। इसमें सर्वाधिक 23585 पुरुष मतदाता बढ़े हैं। वहीं 8195 महिला मतदाता बढ़ी हैं। अब कुल 18,09,678 मतदाता हैं। इसमें से 9,65,298 पुरुष व 8,44,380 महिला मतदाता शामिल हैं।
जनपद में कुल 1809678 मतदाता
त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण की समाप्ति के बाद निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विनोद कुमार सिंह के अनुसार अंतिम प्रकाशन के बाद जनपद में कुल 18,09,678 मतदाता हैं।
विकास खंड सिटी में 208756, पटेहरा कला में 103939, कोन चील्ह में 100114, सीखड़ में 79896, लालगंज में 108582, जमालपुर में 198983, मझवां 135808, हलिया में 175522, पहाड़ी 111462, नरायनपुर 172808, छानबे में 242527, राजगढ़ में 171191 मतदाता हैं। विकास खंड सिटी के बरजी मुकुंदपुर के जवाहर लाल मौर्य ने निर्णय को सराहनीय बताया।
बढ़े नौ केंद्र व सात मतदेय स्थल
सहायक निर्वाचन अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि जनपद में अब 1125 मतदान केंद्र और 2845 मतदेय स्थल हो गए हैं। इसके पूर्व 116 मतदान केंद्र और 2835 मतदेय स्थल थे। कुल नौ मतदान केंद्र और सात मतदेय स्थलों में बढ़ोतरी हुई है।
इन पदों के लिए होना है पंचायत चुनाव
जनपद के 12 विकास खंडों के 105 न्याय पंचायतों के 809 गांवों के लिए पंचायत चुनाव होना है। इसमें 809 ग्राम प्रधान, 10471 सदस्य ग्राम पंचायत, 1092 बीडीसी, 44 सदस्य जिला पंचायत पद के लिए चुनाव होना है।
वर्ष 2021 में 17,77,898 मतदाता
जनपद के 809 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2021 में 17,77,898 मतदाता थे। इसमें से 9,41,713 पुरुष व 8,36,185 महिला मतदाता शामिल थीं। विकास खंड सिटी में 214109, पटेहरा कला में 109394, कोन चील्ह में 104880, सीखड़ में 82017, लालगंज में 111011, जमालपुर में 206905, मझवां में 136779, हलिया में 179129, पहाड़ी में 116754, नरायनपुर में 184155, छानबे में 245029, राजगढ़ में 175708 मतदाता थे।
| वर्ष | पुरुष मतदाता | महिला मतदाता | कुल मतदाता |
| 2021 | 9,41,713 | 8,36,185 | 17,77,898 |
| 2026 | 9,65,298 | 8,44,380 | 18,09,678 |
| बढ़ोतरी | 23,585 | 8,195 | 31,780 |
यह भी पढ़ें- यूपी पंचायत चुनाव को लेकर HC के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगा प्रधान संगठन, सरकार भी ले रही कानूनी सलाह
यह भी पढ़ें- एटा में पंचायत चुनाव को लेकर हलचलें तेज, हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन तैयारियों में जुटा
