विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा में पंचायत चुनाव को लेकर हलचलें तेज, हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन तैयारियों में जुटा

By Vinay Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 15 Oct 2026 08:30 PM (GMT+05:30)

हाईकोर्ट के तीन महीने में पंचायत चुनाव कराने के आदेश के बाद एटा जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई ...और पढ़ें

एटा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय।

एटा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय।

जागरण संवाददाता, एटा। हाईकोर्ट के तीन महीने में पंचायत चुनाव कराने के आदेश के बाद बुधवार को जिले में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को लेकर हलचल तेज हो गई। पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरा हो चुका है। मतदान केंद्र और मतदेय स्थल भी चिह्नित किए जा चुके हैं। मतपत्र और मतपेटिकाओं की व्यवस्था भी पहले से की जा चुकी है।

अब चुनाव कराने के लिए कार्मिकों की तैनाती और वाहनों की व्यवस्था शेष है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन लंबे समय से तैयारियों में जुटा है। इसी क्रम में 10 जून को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। सूची तैयार करने के दौरान डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का काम भी कराया गया था।

इसके अलावा मतदान केंद्र और मतदेय स्थल भी निर्धारित कर लिए गए हैं, ताकि चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद मतदान की व्यवस्था करने में देरी न हो। चुनाव में इस्तेमाल होने वाले मतपत्र भी जिले में उपलब्ध हैं। मतपेटिकाओं को भी तैयार कराया जा चुका है। ऐसे में चुनाव से जुड़ी कई महत्वपूर्ण तैयारियां पहले ही पूरी हो चुकी हैं।

कार्मिकों की तैनाती और वाहनों की व्यवस्था बाकी

पंचायत चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों की जरूरत का आकलन कर उनकी तैनाती की व्यवस्था करनी होगी। इसके साथ ही पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने और चुनाव के बाद वापस लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था का कार्य शेष रह गया है।

एडीएम प्रशासन अजय नारायण सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से संबंधित अधिकांश तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। जो काम शेष हैं, उन्हें भी निर्धारित समय से पहले पूरा करा लिया जाएगा।

चुनावी गणित

  • 569-जिले में ग्राम पंचायतें
  • 1086-पुनरीक्षण में लगे बीएलओ
  • 1079-जिले में पाेलिंग सेंटर
  • 2013-जिले में पोलिंग स्टेशन
  • 1176153-जिले के कुल पंचायत मतदाता
  • 04-कुल विधानसभा क्षेत्र
  • 642460-पुरूष मतदाता
  • 533693-महिला मतदाता