दीपावली पर मीरजापुर में चमका पेंट बाजार, वाटरप्रूफ पेंट की बढ़ी मांग; बढ़ी ग्राहकों की रौनक
दीपावली के अवसर पर मीरजापुर में घरों की रंगाई-पुताई के लिए पेंट बाजार में रौनक बढ़ गई है।

HighLights
दीपावली पर घरों की रंगाई-पुताई के लिए पेंट बाजार में रौनक।
सीलन से बचाव हेतु वाटरप्रूफ पेंट और एंटी-डैम्प की मांग।
आधुनिक रंगों, टेक्सचर पेंट से घरों को नया लुक देने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। दीपावली की चमक इस बार सिर्फ दीपों और झालरों तक सीमित नहीं रहने वाली, घरों की दीवारें भी रंगों की नई आभा से दमकेंगी। कहीं हल्के पेस्टल और आफ व्हाइट शेड से सादगी का अंदाज दिखेगा तो कहीं आकर्षक टेक्सचर और चटख रंग घरों की खूबसूरती में चार चांद लगाएंगे।
प्रकाश पर्व की आहट के साथ ही पेंट बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित दुकानों पर ग्राहक रंगों और डिजाइन के साथ दीवारों को सीलन व नमी से बचाने के विकल्प भी तलाश रहे हैं।
वर्षा के बाद दीवारों पर उभरी सीलन और उखड़ते पेंट से निजात पाने के लिए वाटरप्रूफ पेंट, एंटी-डैम्प कोटिंग और विशेष प्राइमर के प्रति लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। छत, बाहरी दीवारों और नमी वाले हिस्सों के लिए ग्राहक विशेष वाटरप्रूफ उत्पादों की जानकारी ले रहे हैं।
वहीं, दरवाजों, खिड़कियों और लोहे के गेट को नया लुक देने के लिए इनेमल पेंट भी पसंद किया जा रहा है। इस बार घरों को नया लुक देने के लिए रंगों के चयन में भी प्रयोग देखने को मिल रहा है।
ड्राइंग रूम में प्रीमियम फिनिश, बेडरूम में हल्के और सुकून देने वाले रंग जबकि बच्चों के कमरों में चटख शेड पसंद किए जा रहे हैं। क्रीम, आफ व्हाइट, पीच, ग्रे और पेस्टल रंगों के साथ डिजाइनर टेक्सचर पेंट भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। लोग अपने बजट और पसंद के अनुसार रंगों का चयन कर रहे हैं।
डिस्टेंपर से प्रीमियम वाटरप्रूफ पेंट तक विकल्प
पेंट की कीमतों में गुणवत्ता और ब्रांड के अनुसार अंतर है। बाजार में उपलब्ध उत्पादों की अनुमानित कीमत के अनुसार डिस्टेंपर करीब 60 से 120 रुपये प्रति लीटर, इकोनामी इमल्शन 127 से 260 रुपये और सामान्य इंटीरियर इमल्शन 170 से 346 रुपये प्रति लीटर तक है।
प्रीमियम इमल्शन की कीमत 204 से 414 रुपये, जबकि बाहरी दीवारों के लिए एक्सटीरियर इमल्शन 208 से 394 रुपये प्रति लीटर तक है। प्रीमियम वाटरप्रूफ पेंट की अनुमानित कीमत 267 से 475 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, प्राइमर 75 से 138 रुपये प्रति लीटर और वॉल पुट्टी 17 से 28 रुपये प्रति किलो के आसपास उपलब्ध है।
सुंदरता के साथ मजबूती पर भी जोर
दुकानदार आनंद तिवारी ने बताया कि बाजार में डिस्टेंपर, इमल्शन, इनेमल, वुड कोटिंग और टेक्सचर पेंट के साथ वाटरप्रूफ उत्पादों के कई विकल्प उपलब्ध हैं। कम बजट वाले ग्राहक डिस्टेंपर पसंद कर रहे हैं, जबकि बेहतर फिनिश और टिकाऊपन चाहने वाले इमल्शन की ओर रुख कर रहे हैं। छत और बाहरी दीवारों के लिए विशेष कोटिंग की भी मांग है।
रंगाई-पोताई से चमका कारोबार, बढ़ा रोजगार
दीपावली पर रंगाई-पोताई का काम बढ़ने से पेंट कारोबार के साथ कारीगरों, पेंटिंग ठेकेदारों और श्रमिकों को भी रोजगार मिल रहा है। पेंट के साथ ब्रश, रोलर, सैंडपेपर, पुट्टी और प्राइमर की मांग भी बाजार को गति दे रही है। इस तरह घरों को सजाने की तैयारी त्योहार की खुशियों के साथ स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी नई चमक दे रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।