मीरजापुर: जननीति भारत की अध्यक्ष दिव्या मित्तल ने प्रिंस हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही पर उठाए सवाल
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने मीरजापुर के प्रिंस हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

मित्तल ने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण बालक की हत्या हुई और पीड़ित परिवार को परेशान किया गया।
HighLights
दिव्या मित्तल ने प्रिंस हत्याकांड में पुलिस लापरवाही पर सवाल उठाए।
पुलिस ने पीड़ित परिवार को परेशान किया, कार्रवाई में देरी की।
पूर्व आईएएस ने मामले की गहन जांच की मांग की।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। विंध्याचल के सेमरी गांव में बालक प्रिंस के अपहरण और हत्या की घटना बेहद भयावह है। यह सीधे तौर पर पुलिस की लापरवाही है। इतना बड़ा अपराधी कई घटनाओं को अंजाम देने के बाद भी खुलेआम घूम रहा था। वह जेल से बाहर कैसे आ रहा है? इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यह बातें पूर्व आइएएस और जननीति पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल ने जारी एक वीडियो में कही।
इसके पहले उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी। कहा कि स्वजन ने उन्हें बताया कि घटना वाले दिन ही पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने बालक के पिता केशव बिंद और दादा रामदास को मुजरिम की तरह गैपुरा पुलिस चौकी में 24 घंटे बैठाए रखा और परेशान किया। पुलिस को तत्काल सक्रिय होकर कार्रवाई करनी चाहिए थी, ताकि आरोपित पकड़ा जा सके, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- UP चुनाव: नई पार्टी के एलान के बाद मीरजापुर में रामलीला देखने पहुंचीं पूर्व IAS दिव्या मित्तल
दिव्या मित्तल ने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण बालक की हत्या हो गई। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच होनी चाहिए, ताकि इसमें शामिल लोग बेनकाब हो सकें। उन्होंने गेंदालाल से जुड़ी दूसरी घटना में भी लापरवाही का आरोप लगाया। गेंदालाल का भाई लापता था। हालांकि, एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि गेंदालाल का भाई घर लौट आया है और अंतिम संस्कार में शामिल हुआ था।