विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेचूवीर मेले में दूसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा के दरबार में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:27 PM (IST)

अहरौरा के बेचूवीर मेले में दूसरे दिन श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई, एक लाख से अधिक भक्तों ने बाबा के दरबार में मत्था टेका।

अहरौरा के बेचूवीर मेले में उमड़ी भीड़। (फोटो- जागरण)

अहरौरा के बेचूवीर मेले में उमड़ी भीड़। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. बेचूवीर मेले में दूसरे दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।

  2. प्रेत बाधा मुक्ति और संतान प्राप्ति हेतु करते हैं पूजा।

  3. मनोकामना पूरी होने पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराया।

जागरण संवाददाता, अहरौरा (मीरजापुर)। अंतरप्रांतीय प्रसिद्ध बेचूवीर मेले में दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ में बेतहाशा वृद्धि हुई। पहले दिन करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने मत्था टेका था, जबकि दूसरे दिन गुरुवार को इससे भी अधिक संख्या में भक्तों के पहुंचने से मेला क्षेत्र में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रेत बाधा से मुक्ति और संतान प्राप्ति की कामना लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा मेला क्षेत्र गुलजार रहा।

बेचूवीर बाबा के प्रति गहरी आस्था रखने वाले श्रद्धालु मीरजापुर सहित आसपास के जनपदों के अलावा बिहार और अन्य प्रांतों से भी पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि बाबा के दरबार में दर्शन-पूजन करने से प्रेत बाधा से मुक्ति मिलती है और संतान प्राप्ति की मनोकामना पूरी होती है। इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और परिवार बाबा के दरबार में मत्था टेक रहे हैं।

सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई और दर्शन के लिए कतारें लग गईं। मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पूजन सामग्री और प्रसाद की दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली। दूसरे दिन श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक बढ़ोतरी से मेले की रौनक और बढ़ गई।

आस्था और मनौती का संगम

बेचूवीर मेले में श्रद्धालु केवल दर्शन-पूजन के लिए ही नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही मान्यताओं और मनौतियों को लेकर भी पहुंचते हैं। कोई प्रेत बाधा से मुक्ति की आस लेकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगा रहा है तो कोई संतान प्राप्ति की कामना से पूजा-अर्चना कर रहा है। श्रद्धालुओं की यही आस्था बेचूवीर मेले को विशिष्ट पहचान दिलाती है।

मनौती पूरी होने पर नौनिहालों का कराया मुंडन

बेचूवीर मेले में दर्शन-पूजन के साथ मुंडन संस्कार कराने वालों की भी भीड़ नजर आई। कई दंपती अपने नौनिहालों को लेकर पहुंचे थे, जहां बाबा के दरबार में माथा टेकने के बाद बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। कोई संतान प्राप्ति की मनौती पूरी होने पर तो कोई परंपरा और आस्था के तहत अपने बच्चे का मुंडन कराने पहुंचा था।

मेले में जगह-जगह बच्चों के मुंडन संस्कार होते नजर आए। नौनिहालों के मुंडन के दौरान परिजन धार्मिक अनुष्ठान करते हुए बाबा के प्रति आभार जताते दिखे।

यह भी पढ़ें- तिगरी मेला में पांटून पुल से इस दिन शुरू होगा आवागमन, अंतिम चरण में पहुंचा निर्माण कार्य

यह भी पढ़ें- 'तंबुओं की नगरी' में जमी रौनक, रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा उठा तिगरी मेला; बाजारों में बढ़ी चहल-पहल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।