'तंबुओं की नगरी' में जमी रौनक, रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा उठा तिगरी मेला; बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
अमरोहा के तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालु मां गंगा के प्रति अटूट श्रद्धा के साथ डुबकी लगा रहे हैं।
-1794978469679_m.webp)
गजरौला में लाइटों से जगमगाया तिगरी मेले का नजारा। जागरण
HighLights
श्रद्धालु मां गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमा रहे हैं।
मेला परिवार और दोस्तों के लिए पिकनिक स्पॉट बन गया है।
भक्ति, मनोरंजन और पारिवारिक मेल-मिलाप का अनूठा संगम।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। मां गंगा के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का संगम तिगरी गंगा मेले में देखने को मिल रहा है। गंगा मैया के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों की ओर बढ़ने लगी है।
कोई पुण्य लाभ की कामना लेकर गंगा में डुबकी लगा रहा है तो कोई परिवार और मित्रों के साथ मेले की रौनक का आनंद उठा रहा है। आस्था के इस महापर्व में तिगरी मेला श्रद्धालुओं के लिए पिकनिक स्पॉट का रूप भी लेता नजर आ रहा है।
गंगा तट पर बसे तंबुओं के शहर में सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो जाती है। कहीं खिचड़ी की खुशबू महक रही है तो कहीं घर से तैयार करके लाए गए मावे के लड्डू और तरह-तरह के पकवानों से मेहमाननवाजी हो रही है। सुबह नाश्ता करने के बाद श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों का रुख करते हैं।

गजरौला तिगरी मेले में तंबू का शहर बस गया। (तस्वीर- जागरण)
स्नान के बाद दोपहर तक वापस अपने तंबुओं में लौट आते हैं। इस दौरान महिलाएं भोजन तैयार करने में जुटी रहती हैं। वहीं, युवाओं की टोलियां मेले में घूमने-फिरने और मौज-मस्ती करती नजर आ रही हैं। बच्चे खेलकूद में व्यस्त हैं तो परिवार के साथ आए लोग गंगा किनारे बैठकर मेले की यादों को संजो रहे हैं।

लोग परिवार के साथ कर रहे खरीदारी
कोई मेले में खरीदारी कर रहा है तो कोई परिवार के साथ खाने-पीने का आनंद ले रहा है। एक ओर गंगा की पवित्र धारा में डुबकी लगाकर श्रद्धालु पुण्य अर्जित कर रहे हैं तो दूसरी ओर मेले की रौनक और अपनों का साथ उनके उत्साह को दोगुना कर रहा है।

गजरौला तिगरी मेले पर तंबू में बैठे श्रद्धालु। जागरण
मुख्य स्नान पर्व तक मेले में इसी तरह भक्ति और उल्लास का माहौल बने रहने की उम्मीद है। गंगा मैया की आराधना के साथ पारिवारिक मेल-मिलाप और मनोरंजन का अनूठा संगम तिगरी मेले को खास बना रहा है।
यह भी पढ़ें- मॉडर्न दौर में भी जिंदा है पुरानी संस्कृति! बैलों के घुंघरुओं की छन-छन के साथ तिगरी मेला पहुँच रहा यह परिवार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।